बड़ी खबर : पुलिसकर्मियों, जवानों व सरकारी कर्मचारियों की मुआवजा राशि बढ़ेगी… ड्यूटी के दौरान घायलों को राज्य सरकार 3.50 लाख से बढ़ाकर अब…

रांची: झारखंड में पुलिसकर्मियों व सरकारी कर्मचारियों की मुआवजा राशि बढ़ेगी। ड्यूटी के दौरान घायल होने वाले पुलिसकर्मियों और कर्मचारियों को 7.50 लाख रूपये का मुआवजा राज्य सरकार देगी। इस संदर्भ में गृह विभाग ने तैयारी पूरी कर ली है। माना जा रहा है कि गृह विभाग की तरफ से भेजे जाने वाले प्रस्ताव पर राज्य सरकार मुहर लगा सकती है। अभी शासकीय कर्मचारियों और पुलिसकर्मियों, झारखंड में तैनात केंद्रीय बलों के जवानों के पूर्ण अपाहिज होने पर सरकार पहले 3.50 लाख रुपये देती थी, लेकिन अब उसमें जल्द ही 4 लाख की बढ़ोत्तरी का प्रस्ताव सरकार लागू कर सकती है।
राज्य में साल 2002 के बाद से ड्यूटी के दौरान पूर्ण दिव्यांगता अनुग्रह अनुदान राशि में संशोधन नहीं किया गया है। वित्त विभाग के सितंबर 2019 में पारित संकल्प के अनुसार अब इसमें संशोधन किया जा रहा है। इसे लागू होने पर खास तौर पर पुलिस कर्मियों को ज्यादा लाभ होगा।
दरअसल झारखंड नक्सल प्रभावित राज्य हैं, आये दिन नक्सली वारदात होती रहती है। वहीं सीमावार्ती क्षेत्रों में सर्च आपरेशन में झारखंड के पुलिसकर्मियों को जाना होता है, जिसकी वजह से खतरा ज्यादा होता है। झारखंड के हिंसक घटनाओं में घायल होकर विकलांग होने वाले पुलिसकर्मियों की संख्या ज्यादा होती है। हालांकि आंकड़ों के नजरिये से पिछले पांच साल से इसमें कमी आयी है। आईईडी विस्फोट में कई पुलिसकर्मी विकलांग हो चुके हैं, जिन्हें मुआवजा का भुगतान राज्य सरकार की तरफ से किया जा रहा है।











