खूंटी में PLFI पर पुलिस का बड़ा एक्शन…तीन हार्डकोर उग्रवादी गिरफ्तार
Major Police Action Against PLFI in Khunti; Three Hardcore Militants Arrested

झारखंड के खूंटी जिले में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। कर्रा थाना क्षेत्र में प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन पीएलएफआई (PLFI) के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन हार्डकोर सदस्यों को गिरफ्तार किया है।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सैमुएल गुड़िया (20), धीरज स्वांसी (19) और सुनील स्वांसी (28) के रूप में हुई है।
गुप्त सूचना के आधार पर चला ऑपरेशन
खूंटी एसपी ऋषभ गर्ग को सूचना मिली थी कि मुरहू जंगल में PLFI के सदस्य बैठक कर संगठन विस्तार और लेवी वसूली की योजना बना रहे हैं।सूचना के बाद तोरपा एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई और जंगल में घेराबंदी कर छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान तीनों उग्रवादियों को मौके से ही पकड़ लिया गया।
हथियार और दस्तावेज बरामद
पुलिस ने आरोपियों के पास से एक देशी कट्टा, 8 एमएम जिंदा कारतूस, PLFI के पर्चे, मोबाइल फोन और अन्य संदिग्ध सामग्री बरामद की है।एसपी के अनुसार, सभी आरोपी संगठन के सक्रिय सदस्य हैं और इलाके में दहशत फैलाकर वसूली की गतिविधियों में शामिल थे।
फायरिंग और आगजनी में शामिल होने का खुलासा
पूछताछ में आरोपियों ने कई गंभीर घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की है। इनमें 30 अप्रैल को कर्रा थाना क्षेत्र के कटमकुकू इलाके में रेलवे निर्माण कार्य में लगे वाहनों पर फायरिंग और आगजनी की घटना शामिल है।इसके अलावा तोरपा क्षेत्र में गैस सप्लाई वाहन पर गोलीबारी में भी उनकी भूमिका सामने आई है।
संयुक्त पुलिस टीम की बड़ी कार्रवाई
इस ऑपरेशन में कर्रा, तोरपा, जरियागढ़ और अन्य थानों की संयुक्त पुलिस टीम शामिल थी। पूरे इलाके में सर्च अभियान अभी भी जारी है।पुलिस ने साफ किया है कि क्षेत्र में उग्रवादियों के खिलाफ कार्रवाई और तेज की जाएगी और किसी भी तरह की आपराधिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।












