Bilaspur News: अब मशीन से निकलेगा आपका राशन! डिप्टी CM अरुण साव ने शुरू किया ‘अन्नपूर्ति ग्रेन ATM’, ऐसे मिलेगा अनाज

Bilaspur: छत्तीसगढ़ में सार्वजनिक वितरण प्रणाली को आधुनिक और पारदर्शी बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। बिलासपुर के सरकंडा में ‘अन्नपूर्ति ग्रेन एटीएम’ की शुरुआत की गई है। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने इसका शुभारंभ किया, जबकि खाद्य मंत्री दयालदास बघेल वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े।
संयुक्त राष्ट्र विश्व खाद्य कार्यक्रम (WFP) के सहयोग से खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने इस ग्रेन एटीएम की स्थापना की है। खास बात यह है कि अब राशन लेने के लिए पारंपरिक तरीके से अनाज तौलने की प्रक्रिया पर निर्भरता कम होगी और तकनीक की मदद से हितग्राहियों को सटीक मात्रा में खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाएगा।
आखिर कैसे काम करेगा अन्नपूर्ति ग्रेन ATM?
ग्रेन एटीएम से राशन लेने की प्रक्रिया काफी आसान रखी गई है। राशन कार्डधारी हितग्राही को मशीन के सामने निर्धारित स्थान पर खड़े होकर आधार आधारित बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण यानी फिंगरप्रिंट देना होगा।
इसके बाद मशीन की स्क्रीन पर उपलब्ध राशन और उसकी मात्रा दिखाई देगी। हितग्राही इसकी पुष्टि करेगा। इसके बाद खाली बैग या थैला मशीन के डिस्पेंसर के नीचे रखना होगा और डिस्पेंस बटन दबाना होगा।
कुछ ही सेकंड में मशीन निर्धारित मात्रा में खाद्यान्न स्वतः निकालकर बैग में भर देगी। राशन मिलने के बाद हितग्राही स्क्रीन पर दिखाई देने वाले संदेश की पुष्टि करेगा।
राशन वितरण में कम होगी मानवीय गलती
अन्नपूर्ति ग्रेन एटीएम का उद्देश्य राशन वितरण को त्वरित, सटीक और पारदर्शी बनाना है। इससे खाद्यान्न की तौल में होने वाली मानवीय त्रुटियों को कम करने के साथ-साथ समय की भी बचत होगी।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने इस पहल को जनता को समर्पित करते हुए कहा कि यह सार्वजनिक वितरण प्रणाली में तकनीकी नवाचार, पारदर्शिता और सुगम सेवा वितरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
मशीन देखकर लोगों में दिखी उत्सुकता
शुभारंभ के दौरान बड़ी संख्या में राशन कार्डधारी हितग्राही, जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। मशीन के जरिए खाद्यान्न वितरण की प्रक्रिया का प्रत्यक्ष प्रदर्शन भी किया गया।
मशीन की कार्यप्रणाली देखकर लोगों में खासा उत्साह और जिज्ञासा नजर आई। हितग्राहियों ने इसकी सरल प्रक्रिया, सटीक तौल और तेज वितरण व्यवस्था की सराहना की।
PDS में तकनीक को मिलेगा बढ़ावा
अन्नपूर्ति ग्रेन एटीएम की शुरुआत से सार्वजनिक वितरण प्रणाली में तकनीक आधारित सुधारों को नई गति मिलने की उम्मीद है। इसका उद्देश्य राशन वितरण व्यवस्था को अधिक हितग्राही-केंद्रित, पारदर्शी और सुविधाजनक बनाना है।
यह पहल खास तौर पर उन लोगों के लिए उपयोगी साबित हो सकती है, जिन्हें राशन वितरण के दौरान समय और तौल से जुड़ी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
कार्यक्रम में विधायक सुशांत शुक्ला, महापौर पूजा विधानी, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, कलेक्टर संजय अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह, निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे, जिला पंचायत CEO संदीप अग्रवाल, खाद्य नियंत्रक अमृत कुजूर, नान जिला प्रबंधक नितिन दीवान और विश्व खाद्य कार्यक्रम की नताशा कुमारी पनवार सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।












