BPSC TRE-4 Protest: पटना में फिर बवाल! छात्रों ने तोड़ी बैरिकेडिंग, पुलिस से भिड़े प्रदर्शनकारी; CRPF की तैनाती से बढ़ा तनाव
गांधी मैदान से CM हाउस की ओर निकला छात्रों का मार्च, जेपी गोलंबर पर बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़े; डाकबंगला पर पुलिस ने रोका

Bihar BPSC Protest: बिहार में BPSC TRE-4 को लेकर छात्रों का आंदोलन अब और तेज होता दिखाई दे रहा है। पटना की सड़कों पर छात्रों और पुलिस के बीच टकराव की स्थिति बन गई। गर्दनीबाग में कई दिनों से चल रहे धरने के बाद छात्रों ने आज मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने का ऐलान किया था।
इसके बाद बड़ी संख्या में छात्र गांधी मैदान में जुटे और राजभवन होते हुए मुख्यमंत्री आवास की ओर मार्च करने लगे। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने कई जगह बैरिकेडिंग की, लेकिन छात्रों ने बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश की। इसके बाद पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की और झड़प की स्थिति बन गई।
जेपी गोलंबर पर टूटी बैरिकेडिंग
प्रदर्शनकारी जब जेपी गोलंबर पहुंचे तो वहां पुलिस की ओर से लगाए गए बैरिकेड्स को छात्रों ने तोड़ दिया। पहले कुछ छात्र बैरिकेडिंग पर चढ़े और इसके बाद उसे तोड़कर आगे बढ़ने लगे।
पुलिस ने छात्रों को रोकने की कोशिश की, लेकिन प्रदर्शनकारी डाकबंगला की ओर बढ़ने पर अड़े रहे। हंगामे को देखते हुए पुलिस ने मौके पर सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी। बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।
डाकबंगला पर पुलिस ने लगाया लोहे का घेरा
कुछ प्रदर्शनकारी डाकबंगला चौराहे तक पहुंच गए हैं। यहां पुलिस ने मेट्रो की लोहे की शील्ड से बैरिकेडिंग की है, ताकि छात्रों को आगे बढ़ने से रोका जा सके।
बैरिकेडिंग के सामने छात्र लगातार जुटे हुए हैं और आगे जाने की कोशिश कर रहे हैं। वहीं पुलिस उन्हें पीछे हटाने का प्रयास कर रही है। इस दौरान छात्रों की नारेबाजी और पुलिस के साथ धक्का-मुक्की जारी रही।
पुलिस से भिड़े छात्र, बढ़ाई गई सुरक्षा
डाकबंगला की ओर बढ़ रहे छात्रों और पुलिस के बीच कई जगह धक्का-मुक्की हुई। प्रदर्शनकारी अपनी मांगों को लेकर पीछे हटने के लिए तैयार नहीं हैं।
प्रशासन की ओर से कई स्थानों पर बैरिकेडिंग की गई है और मौके पर पुलिस बल की संख्या लगातार बढ़ाई जा रही है। अधिकारियों की कोशिश है कि प्रदर्शनकारी निर्धारित मार्ग से आगे न बढ़ें और कानून-व्यवस्था की स्थिति नियंत्रण में रहे।
CRPF की भी तैनाती
छात्रों के सीएम आवास घेराव के ऐलान को देखते हुए पुलिस ने पहले से ही जेपी गोलंबर समेत कई प्रमुख स्थानों पर सुरक्षा बढ़ा दी थी।
प्रदर्शन को नियंत्रित करने के लिए CRPF के जवानों की भी तैनाती की गई है। प्रशासन का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी अप्रिय स्थिति को रोकने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
आखिर किन मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे छात्र?
BPSC TRE-4 को लेकर छात्र मुख्य रूप से PT-Mains लागू करने, नेगेटिव मार्किंग हटाने और 100 प्रतिशत डोमिसाइल की मांग कर रहे हैं।
छात्रों का कहना है कि उनकी मांगों पर स्पष्ट फैसला होना चाहिए। इसी को लेकर गर्दनीबाग में कई दिनों से धरना चल रहा था और अब आंदोलनकारियों ने मुख्यमंत्री आवास तक मार्च का फैसला लिया।
शिक्षा विभाग ने BPSC को भेजा पत्र
इधर, TRE-4 की आगामी परीक्षा को लेकर शिक्षा विभाग की ओर से BPSC को पत्र भेजा गया है। शिक्षा सचिव राजीव रौशन ने परीक्षा पैटर्न में बदलाव पर विचार करने का अनुरोध किया है।
प्रस्ताव के मुताबिक, PT परीक्षा में बाल मनोविज्ञान से 50 प्रतिशत प्रश्न पूछे जा सकते हैं, जबकि बाकी 50 प्रतिशत प्रश्न GK और GS से रखने का प्रस्ताव है।
GK/GS में बिहार से जुड़े सवाल भी शामिल करने की बात कही गई है। प्रस्ताव के अनुसार बिहार की हिस्ट्री, पॉलिटिक्स, इकोनॉमिक्स और जियोग्राफी से करीब 30 प्रतिशत प्रश्न रखने की बात कही गई है।
इसके अलावा छात्रों की ‘वन कैंडिडेट-वन रिजल्ट’ की मांग से भी BPSC को अवगत कराया गया है।
अब देखना होगा कि छात्रों के बढ़ते आंदोलन और शिक्षा विभाग के प्रस्ताव के बीच BPSC TRE-4 के परीक्षा पैटर्न और अन्य मांगों पर क्या फैसला लिया जाता है।












