लाश…हादसा और हाहाकार…शव लेकर निकले थे अंतिम यात्रा पर…रास्ते में मौत बनकर आया ट्रक…लाश के साथ 19 लोग हादसे का शिकार..

चंदौली। उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में सोमवार देर रात एक ऐसा दर्दनाक हादसा हुआ, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। अंतिम संस्कार के लिए शव लेकर वाराणसी जा रहे लोगों की मैजिक वाहन राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर एक ट्रक से जा भिड़ी। हादसा इतना भयानक था कि मौके पर चीख-पुकार और हाहाकार मच गया।

जानकारी के मुताबिक, बिहार के भभुआ जिले के भगवानपुर क्षेत्र के रहने वाले करीब 19 लोग एक शव को अंतिम संस्कार के लिए वाराणसी ले जा रहे थे। देर रात करीब 1:30 बजे अलीनगर थाना क्षेत्र के भिखारीपुर गांव के पास तेज रफ्तार मैजिक वाहन अचानक अनियंत्रित हो गई और आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मैजिक का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। हादसे के बाद अंधेरे में लोगों की चीखें गूंजने लगीं। आसपास के लोग और राहगीर मौके पर पहुंचे तो मंजर देखकर दहल उठे। वाहन में फंसे घायलों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एनएचएआई की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से पंडित कमलापति त्रिपाठी जिला अस्पताल भेजा गया।

जिला अस्पताल के इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर डॉ. अजय कुमार सिंह के मुताबिक, हादसे में कुल 17 लोग घायल हुए हैं। इनमें 15 को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि 4 लोगों की हालत नाजुक होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है।

प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और चालक को झपकी आना माना जा रहा है। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। देर रात हुए इस हादसे ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी।

Related Articles

close