झारखंड प्रशासनिक सेवा के अधिकारी पर चलेगा विभागीय कार्यवाही, ये है आरोप

रांची : झारखंड प्रशासनिक सेवा से सेवानिवृत अधिकारी रवि शंकर पर पेंशन नियमावली के तहत विभागीय कार्यवाही चलायी जायेगी. उनके उपर संयुक्त सचिव जलसंसाधन विभाग सह आंतरिक वित्तीय सलाहकार के पद पर रहते हुए गंभीर आरोप लगे थे. गुमला जिला अंतर्गत कतरी जलाशय योजना के जीर्णोद्धार कार्य से संबंधित निविदा निस्तारण, कार्य आवंटन में अनियमितता बरतने संबंधी आरोप है.
पूरे मामले पर जलसंसाधन विभाग ने 10 जून 2019 को प्रपत्र “क ” गठित कर कार्रवाई की अनुशंसा की थी. प्रथमदृष्टया जांच में आरोप प्रमाणित पाये गये. राज्य सरकार ने अब उनके उपर विभागीय कार्यवाही चलाने का निर्णय लिया है. जांच संचालन पदाधिकारी रिटायर आईएएस अधिकारी रमाकांत सिंह को बनाया गया है. इस संबंध में कार्मिक विभाग ने आदेश जारी कर दिया है. उक्त रिटायर्ड अधिकारी से 15 दिनों के अंदर लिखित बचाव-बयान समर्पित करने को कहा गया है.









