Dhanbad News: BCCL कर्मी की बेरहमी से हत्या, पत्थर से सिर कुचलकर झाड़ियों में फेंका शव, इलाके में सनसनी

कार के नंबर से हुई मृतक की पहचान, ड्यूटी पर निकले क्लर्क की हत्या की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस

 

धनबाद: धनबाद जिले के ईस्ट बसुरिया ओपी क्षेत्र स्थित सोरीटांड़ के कौशल पुरम के पास झाड़ियों से मिले पत्थर से कुचले गए शव की पहचान बीसीसीएल कर्मी जयराम मांझी के रूप में हुई है। इस सनसनीखेज हत्या से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। मृतक बीसीसीएल की तेतुलमारी कोलियरी में क्लर्क के पद पर कार्यरत थे।

पुलिस के मुताबिक, घटनास्थल से बरामद कार के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर मृतक की पहचान की गई। शव मिलने की सूचना के बाद शुक्रवार को ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब और बाघमारा एसडीपीओ अजित कुमार विमल मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की।

मृतक की पत्नी लुखी देवी ने बताया कि जयराम मांझी गुरुवार को रोज की तरह ड्यूटी के लिए घर से निकले थे, लेकिन शाम तक वापस नहीं लौटे। देर रात पुलिस ने उन्हें घटना की सूचना दी, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया।

फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे की वजह और आरोपियों की पहचान को लेकर विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को खंगाला जा रहा है।

इधर, झामुमो नेता रतिलाल टुडू ने इस जघन्य हत्या की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि जांच तेजी से आगे बढ़ रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

close