सरकारी नौकरी: झारखंड के जेलों में 340 पदों पर होगी भर्तियां, पूर्व सैनिकों की इंटरव्यू के जरिये होगी नियुक्ति, जानिये कितनी मिलेगी सैलरी

Government Job: Recruitment for 340 posts in Jharkhand jails; ex-servicemen to be appointed via interviews—find out the salary details.

रांची। झारखंड के जेलों में रिटायर सैनिक व पारा मिलिट्री फोर्स के रिटायर जवान नियुक्त होंगे। राज्य सरकार ने जेलों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए भूतपूर्व सैनिकों और अर्द्धसैनिक बलों के सेवानिवृत्त जवानों के लिए बड़ी भर्ती प्रक्रिया शुरू की है। इस संबंध में गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने राज्य की विभिन्न जेलों में कक्षपाल (पुरुष) और महिला कक्षपाल के कुल 340 रिक्त पदों को भरने का निर्णय लिया है।

 

इन पदों पर नियुक्ति अनुबंध के आधार पर की जाएगी।भर्ती प्रक्रिया के तहत 12 अगस्त 2026 को लोकनायक जयप्रकाश नारायण केंद्रीय कारा, हजारीबाग में वॉक-इन इंटरव्यू आयोजित किया जाएगा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह अवसर केवल भूतपूर्व सैनिकों और अर्द्धसैनिक बलों से सेवानिवृत्त जवानों के लिए है।

 

पुरुषों के लिए 321, महिलाओं के लिए 19 पद

इस संबंध में भर्ती की जारी अधिसूचना के अनुसार कुल 340 पदों में 321 पद पुरुष अभ्यर्थियों तथा 19 पद महिला अभ्यर्थियों के लिए आरक्षित किए गए हैं। नियुक्ति प्रारंभिक तौर पर एक वर्ष के लिए होगी, जिसे विभागीय आवश्यकता के अनुसार आगे बढ़ाया जा सकेगा।

 

कई जिलों की जेलों में होगी तैनाती

भर्ती के बाद चयनित अभ्यर्थियों की तैनाती राज्य की विभिन्न जेलों में की जाएगी। इनमें धनबाद, बोकारो, कोडरमा, चतरा, गिरिडीह, रामगढ़ और बरही समेत कई प्रमुख जेलें शामिल हैं, जहां बड़ी संख्या में पद रिक्त हैं।

 

मिलेगा 20 हजार रुपये मानदेय

चयनित अभ्यर्थियों को प्रतिमाह 20 हजार रुपये का एकमुश्त मानदेय दिया जाएगा। इसके साथ ही प्रत्येक वर्ष 8 प्रतिशत की वृद्धि का प्रावधान भी रखा गया है। नियुक्त कर्मियों को 20 दिन का क्षतिपूर्ति अवकाश, सरकारी ड्यूटी के दौरान यात्रा एवं दैनिक भत्ता तथा ड्यूटी के दौरान किसी अनहोनी की स्थिति में राज्य पुलिसकर्मियों के समान अनुग्रह अनुदान की सुविधा भी मिलेगी।

 

तकनीकी अनुभव वालों को प्राथमिकता

विभाग ने बताया है कि ड्राइविंग, कंप्यूटर संचालन, चिकित्सा कार्य अथवा अन्य तकनीकी दक्षता रखने वाले पूर्व सैनिकों को चयन प्रक्रिया में अतिरिक्त प्राथमिकता दी जाएगी। चयनित उम्मीदवारों को कार्यभार संभालने से पहले एक माह का विशेष प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।

 

55 वर्ष तक के अभ्यर्थी कर सकेंगे आवेदन

भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने के लिए उम्मीदवार की आयु 1 जून 2026 की स्थिति में 55 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए। कम आयु के पात्र भूतपूर्व सैनिकों को चयन में प्राथमिकता दी जाएगी।

 

इंटरव्यू में लाने होंगे जरूरी दस्तावेज

उम्मीदवारों को इंटरव्यू के दौरान डिस्चार्ज कार्ड, पहचान पत्र, शैक्षणिक प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र और पासपोर्ट साइज फोटो के साथ मूल दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे। मूल प्रमाण पत्र प्रस्तुत नहीं करने पर आवेदन निरस्त किया जा सकता है।राज्य सरकार की इस पहल को सेवानिवृत्त सैनिकों के लिए रोजगार का बड़ा अवसर माना जा रहा है। साथ ही जेल प्रशासन को प्रशिक्षित और अनुशासित मानव संसाधन उपलब्ध कराने की दिशा में इसे महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

close