4096 मर्ज किए गए स्कूल को फिर से खोलेगी सरकार, सभी उपायुक्त को को लिखा पत्र…

रांची । विपक्ष के कटौती प्रस्ताव का जवाब देते हुए संसदीय कार्य मंत्री आलमगीर आलम ने कहा कि सरकार राज्य के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के लिए गंभीर है. बहुत सदस्यों की यह मांग थी कि पूर्व की सरकार में मर्ज किए गए स्कूलों को फिर से खोला जाता. इसपर सरकार की तरफ से सभी उपायुक्तों को पत्र गया है. बहुत जल्द पूर्व की सरकार में मर्ज किए गए 4096 स्कूलों को खोला जाएगा. उन्होनें कहा कि स्कूल में ड्राप आउट चिंता का विषय है. इसपर कैसे रोक लगे, सरकार गंभीर है.
उन्होनें कहा कि वर्तमान बजट में मुख्यमंत्री विशेष छात्रवृत्ति योजना के लिए 10 करोड़ का प्रावधान किया गया है. आदर्श विद्यालय योजना के लिए 200 करोड़ का प्रावधान किया गया है. पारा शिक्षकों का मामला काफी समय से लंबित था. हमारी सरकार ने इसका समाधान किया. इनकी सेवा 60 वर्ष तक की गई. साथ ही प्रशिक्षित पारा शिक्षकों के मानदेय में 50 प्रतिशत की वृद्धि की गई है. मॉडल स्कूल छात्रावास के लिए 35 करोड़, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय छात्रावास के लिए 81 करोड़ का प्रावधान बजट में किया गया है. स्कूल में बच्चों के मध्याह्न भोजन में अंडा और फल को शामिल किया गया है इसके लिए बजट में 200 करोड़ का प्रावधान किया गया है. उत्क्रमित विद्यालयों के शिक्षक एवम शिक्षकेतर कर्मचारियों के वेतन के लिए 575 करोड़ का प्रावधान किया गया है.गुरुजी स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना शुरू कर दी गयी है . इसके तहत उच्च शिक्षा के लिए झारखंड के छात्रों को 15 लाख रुपये चार प्रतिशत ब्याज पर उपलब्ध कराया जाएगा.









