हजारीबाग : जन शिक्षण संस्थान द्वारा विद्यालय में लाल बहादुर शास्त्री एवं गांधी जयंती मनाया गया

हजारीबाग : जन शिक्षण संस्थान, हजारीबाग के द्वारा टाटीझरिया प्रखण्ड के झरपो ग्राम में स्वामी विवेकानंद विद्यालय में लाल बहादुर शास्त्री एवं गांधी जी की जयंती मनाई गई। इस कार्यक्रम में विद्यालय के प्रिंसिपल श्री विजय कुमार, निदेशक जन शिक्षण संस्थान, रवीश कुमार, प्रशिक्षिका नीलू सामन्या, विद्यालय के शिक्षक एवं शिक्षिका तथा 200 छात्र छात्राएं उपस्थित रहें।

कार्यक्रम का प्रारम्भ महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के फोटो पर फूल माला अर्पित कर किया गया और सभी उपस्थित लोगों ने स्वच्छता शपथ ली।
जन शिक्षण संस्थान के निदेशक रवीश कुमार ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए बताया कि स्वच्छता का उद्देश्य केवल आसपास की सफाई करना नहीं है अपितु नागरिकों की सहभागिता से कचरा मुक्त वातावरण बनाना, शौचालय का प्रयोग कर स्वच्छ भारत का निर्माण करना है ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वस्थ परिवेश मिल सके। उन्होंने बताया कि अच्छे स्वस्थ की पहचान वह स्थिति होती है, जिसमें व्यक्ति शारारिक, मानसिक, आध्यात्मिक एवं सामाजिक रूप से पूर्ण स्वस्थ रहे। स्वच्छता से आशय आंतरिक एवं बाह्य दोनों प्रकार की स्वच्छता से है। हमें अच्छे स्वास्थ्य के लिए जीवन में स्वच्छता को प्रथम वरीयता देनी होगी।
विद्यालय के प्रिंसिपल विजय कुमार ने कहा कि साफ सफाई से वातावरण स्वच्छ रहेगा, बीमारियाँ नहीं आएँगी, कीटाणु नहीं पैदा होंगे, आप बीमार नहीं होंगे साथ ही प्रदूषण कम होगा।
कार्यक्रम में उपस्थित छात्र छात्राओं से अपील की गई कि गीले एवं सूखा कचरे का प्रबंधन अलग अलग करें व स्वच्छता में लगे कर्मियों का सहयोग करें न स्वयं गन्दगी करें और न किसी को करने दें।
जन शिक्षण संस्थान के निदेशक ने बताया की यह स्वच्छता जागरूकता अभियान 1 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक पुरे जिले में चलाया जायेगा, जिसमें विभिन्न गतिविधियों को सम्मलित किया जायेगा जिसमें स्वच्छता परामर्श, श्रम दान, पर्यावरणीय महत्व पर चर्चा, एकल उपयोग वाले प्लास्टिक उपयोग पर प्रतिबन्ध, शौंचालय उपयोग के महत्व, व्यक्तिगत स्वच्छता के महत्व, गिला एवं सूखा कचड़ा प्रबंधन, विभिन्न स्वच्छता जागरूकता से सम्बंधित प्रतियोगिताएं आदि गतिविधियों का आयोजित की जाएगी।












