जमशेदपुर 3 जुलाई को बंद रहेगा: हिमांशु हत्याकांड पर घट नहीं रही नाराजगी, 2 को मशाल जुलूस, 3 को जमशेदपुर बंद, दोषी पुलिसकर्मियों के सस्पेंशन की मांग
Jamshedpur to observe a shutdown on July 3: Public anger over the Himanshu murder case remains unabated; torchlight procession on July 2, Jamshedpur shutdown on July 3, and a demand for the suspension of the guilty police personnel.

रांची/जमशेदपुर। जमशेदपुर 3 जुलाई को बंद रहेगा। SSP को हटाने के बाद भी कानून व्यवस्था पर नाराजगी खत्म नहीं हो रही है। पुलिस वैन से युवक हिमांशु को खींचकर बेरहमी से हत्या किए जाने की घटना को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने झारखंड सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
भाजपा ने इस घटना को राज्य की कानून-व्यवस्था की बड़ी विफलता बताते हुए 3 जुलाई 2026 को जमशेदपुर बंद का आह्वान किया है। पार्टी ने दोषी पुलिस अधिकारियों और कर्मियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की हत्या से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें तत्काल गिरफ्तार करने की मांग भी की है।
2 जुलाई को मशाल जुलूस, 3 जुलाई को शहर बंद
भाजपा ने हिमांशु हत्याकांड के विरोध में चरणबद्ध आंदोलन की घोषणा की है।
• 2 जुलाई की शाम जमशेदपुर में मशाल जुलूस निकाला जाएगा।
• 3 जुलाई को पूरे जमशेदपुर में बंद रखा जाएगा।
पार्टी ने व्यापारियों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों से बंद को सफल बनाने की अपील की है। भाजपा का कहना है कि यह आंदोलन किसी राजनीतिक लाभ के लिए नहीं, बल्कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने और कानून-व्यवस्था की बहाली के लिए किया जा रहा है।
“कानून के शासन पर सीधा हमला”
रांची स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि यह सिर्फ एक युवक की हत्या नहीं, बल्कि राज्य में कानून के शासन और पुलिस व्यवस्था पर सीधा हमला है।उन्होंने आरोप लगाया कि अपराधियों ने पुलिस की मौजूदगी में ही युवक को पुलिस वैन से बाहर खींच लिया और उसकी हत्या कर दी, जबकि मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी मूकदर्शक बने रहे।
पुलिसकर्मियों की भूमिका की जांच की मांग
भाजपा ने कहा कि केवल हमलावरों के खिलाफ कार्रवाई पर्याप्त नहीं होगी। घटना के समय मौजूद पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका की भी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।पार्टी ने मांग की कि यदि जांच में पुलिसकर्मियों की लापरवाही या मिलीभगत सामने आती है तो उनके खिलाफ भी हत्या का मुकदमा दर्ज कर तत्काल गिरफ्तार किया जाए।भाजपा का कहना है कि हिरासत में लिए गए व्यक्ति की सुरक्षा पुलिस की जिम्मेदारी होती है और इस मामले में यह जिम्मेदारी पूरी तरह विफल रही।
दोषी पुलिसकर्मियों के निलंबन की मांग
आदित्य साहू ने कहा कि संबंधित पुलिस अधिकारियों और कर्मियों को तत्काल निलंबित कर जेल भेजा जाना चाहिए, ताकि कानून के प्रति आम लोगों का विश्वास बना रहे।उन्होंने आरोप लगाया कि यदि ऐसी घटनाओं में जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं होगी तो पुलिस व्यवस्था पर जनता का भरोसा कमजोर होगा।भाजपा ने राज्य सरकार से मांग की है कि हिमांशु हत्याकांड की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराई जाए।
पूरे झारखंड में आंदोलन की चेतावनी
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने मामले में ठोस और प्रभावी कार्रवाई नहीं की तो पार्टी अपना आंदोलन पूरे झारखंड में विस्तारित करेगी।









