झारखंड: रामनवमी में डीजे पर लगा बैन, विधानसभा में जमकर हुआ हंगामा, सत्ता पक्ष-विपक्ष में हुई तीखी नोंकझोंक…
Jharkhand: DJ music banned on Ram Navami, uproar in the Assembly, heated exchanges between the ruling party and the opposition...

झारखंड विधानसभा में आज रामनवमी के जुलूसों में डीजे बजाने पर लगी रोक को लेकर खूब हंगामा हुआ। सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच इसी मुद्दे पर तीखी बहस हुई। भाजपा विधायकों ने सरकार पर हिंदुओं की आस्था को निशाना बनाने का आरोप लगाया, जबकि सत्तारूढ़ दल ने इन आरोपों को खारिज करते हुए विपक्ष पर धार्मिक मुद्दों को लेकर राजनीति करने का आरोप लगाया।
________________________________________
रांची। झारखंड विधानसभा के बजट सत्र में आज रामनवमी के अवसर पर डीजे बजाने पर रोक के मुद्दे को लेकर सदन में जोरदार हंगामा देखने को मिला। इस मुद्दे पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक हुई, जिससे कुछ समय के लिए सदन की कार्यवाही भी बाधित हो गई। जैसे ही सदन की कार्यवाही शुरू हुई, भाजपा विधायकों ने इस मुद्दे को जोरदार तरीके से उठाया। भाजपा विधायक नवीन जायसवाल ने सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि धार्मिक पर्व के दौरान डीजे बजाने पर रोक लगाकर हिंदुओं की आस्था को निशाना बनाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि रामनवमी हिंदू समाज का एक प्रमुख धार्मिक पर्व है और ऐसे अवसर पर इस तरह की पाबंदी लगाना उचित नहीं है।नवीन जायसवाल ने सदन में कहा कि सरकार को हिंदू धार्मिक आयोजनों को लेकर इस तरह के फैसले लेने से बचना चाहिए। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि हिंदुओं को टारगेट करना बंद किया जाना चाहिए, क्योंकि यदि सनातनी समाज सड़कों पर उतर आया तो सरकार को और अधिक मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है।
भाजपा विधायकों के इन आरोपों पर सत्तारूढ़ दल के विधायकों ने कड़ा विरोध जताया। दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई और देखते ही देखते सदन का माहौल गरमा गया। भाजपा विधायक आसन के सामने पहुंचकर नारेबाजी करने लगे, जिससे सदन में कुछ समय के लिए शोर-शराबे की स्थिति बन गई।वहीं सत्तारूढ़ दल के नेताओं ने भाजपा के आरोपों को पूरी तरह से खारिज कर दिया।
उनका कहना था कि सरकार ने किसी भी धर्म या समुदाय की आस्था को ठेस पहुंचाने वाला कोई फैसला नहीं लिया है। उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा लिए गए निर्णय कानून व्यवस्था और सार्वजनिक सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए किए जाते हैं। इस दौरान राज्य के स्वास्थ्य मंत्री ने भी भाजपा के आरोपों पर तीखी प्रतिक्रिया दी।
उन्होंने कहा कि देश इस समय आर्थिक चुनौतियों से गुजर रहा है और कई महत्वपूर्ण मुद्दे हैं जिन पर चर्चा की जानी चाहिए। लेकिन विपक्ष केवल हिंदू-मुस्लिम जैसे धार्मिक मुद्दों को उठाकर राजनीति करने में लगा हुआ है।स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि जनता के विकास, रोजगार और आर्थिक स्थिति जैसे मुद्दों पर चर्चा करने के बजाय विपक्ष धार्मिक भावनाओं को भड़काने की कोशिश कर रहा है, जो कि उचित नहीं है।सदन में बढ़ते हंगामे के कारण कुछ समय के लिए कार्यवाही बाधित हो गई।












