झारखंड-बिहार में छठ पूजा के दौरान हादसों से हाहाकार, 135 लोगों ने गंवायी जान, कई अब भी लापता, रेस्क्यू का काम जारी
Accidents during Chhath Puja in Jharkhand and Bihar have claimed 135 lives, with many still missing. Rescue efforts are underway.

Accident News :छठ महापर्व की आस्था के बीच बिहार और झारखंड में दर्दनाक हादसे सामने आए हैं। दोनों राज्यों में अर्घ्य और स्नान के दौरान डूबने से 135 से अधिक लोगों की जान चली गई, जबकि कई अब भी लापता हैं। मृतकों में महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग शामिल हैं। दोनों राज्यों में अलग-अलग जिलों में नदी, तालाब और पोखरों में डूबने से अब तक 135 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। बिहार में जहां 30 जिलों में 108 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, वहीं झारखंड के सात जिलों में 27 लोगों ने अपनी जान गंवाई है।
कहां कितनी गयी जान
सबसे ज्यादा मौतें बिहार की राजधानी पटना में हुई हैं, जहां गंगा नदी में 13 लोग डूब गए। जानकारी के मुताबिक नालंदा में 8, वैशाली में 7, औरंगाबाद में 5 और गया में 4 लोगों की मौत हुई। उत्तर बिहार के जिलों में भी कई हादसे हुए हैं — मधुबनी में 5, दरभंगा में 4, मोतिहारी में 4 और सीतामढ़ी में 3 श्रद्धालु डूबकर मर गए।
भागलपुर और आसपास के जिलों में सबसे भीषण हादसे हुए, जहां 33 लोगों की मौत और 7 के लापता होने की सूचना है। मृतकों में इस्माइलपुर के जुड़वां भाई गोरोलाल और कारेलाल मंडल (10-10 वर्ष), कहलगांव के नंदन मंडल (12) और शाहकुंड के आयुष कुमार (6) जैसे कई बच्चे शामिल हैं।
पटना जिले में एक के बाद एक हादसे:
कंकड़बाग क्षेत्र के दो किशोर गंगा में डूबकर जान गंवा बैठे। मनेर में दो युवक, हल्दी छपरा घाट और शेरपुर घाट पर अर्घ्य देते समय तेज बहाव में बह गए। बाढ़ में तीन लोग, जबकि मोकामा में एक 14 वर्षीय किशोर के डूबने के बाद उसकी बहन ने सदमे में जहर खाकर आत्महत्या कर ली।
छोटे बच्चों की मौतों से दहल उठा राज्य:
बिहटा में 12 वर्षीय बालक, अल्हनपुरा में 13 वर्षीय अंकित और नौबतपुर में 13 वर्षीया राजलक्ष्मी की तालाब में डूबकर मौत हो गई। प्रशासन और एनडीआरएफ की टीमें राहत कार्य में जुटी रहीं, लेकिन कई शव घंटों बाद बरामद किए जा सके।
झारखंड में भी छठ पर दर्दनाक हादसे:
छठ पर्व झारखंड में भी त्रासदी लेकर आया। सात जिलों में डूबने से 27 लोगों की मौत हो गई।
हजारीबाग में अर्घ्य के दौरान हार्ट अटैक से व्रती पम्मी देवी की मौत हुई।
कोडरमा के डुमरिया पंचायत में 40 वर्षीय उमेश यादव की कुंडा आहर में डूबकर मृत्यु हो गई।
रांची में मधुकम तालाब में 21 वर्षीय सचिन चौरसिया की डूबकर मौत हो गई।
गिरिडीह जिले में ही छह अलग-अलग जगहों पर हादसों में सात लोगों ने जान गंवाई, जिनमें बच्चे और किशोर शामिल हैं।
पलामू के हुसैनाबाद में सोन नदी में तीन युवकों की डूबकर मौत हुई, जबकि एक लापता है।
जमशेदपुर के चांडिल में पिता-पुत्र और भांजे की एक साथ मौत ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया।












