झारखंड: मौसम विभाग ने किया सावधान! आज कई जिलों में आंधी-तूफान के साथ बारिश, ओले गिरने की भी चेतावनी
Jharkhand: Weather Department Issues Warning! Rain accompanied by storms and strong winds expected in several districts today; warning also issued for hailstorms.

झारखंड में भीषण गर्मी के बीच मौसम ने अचानक करवट ली है। कई जिलों में आंधी, बारिश और वज्रपात की चेतावनी जारी की गई है। आने वाले दिनों में तापमान में 2 से 4 डिग्री तक गिरावट की संभावना है, जिससे लोगों को राहत मिल सकती है।
________________________________________
रांची। झारखंड भीषण गरमी से जूझ रहा है। हालांकि तेज गर्मी से जूझ रहे लोगों के बीच राहत भरी खबर है। राज्य में मौसम का मिजाज बदलने लगा है और कई इलाकों में बादल छाने के साथ बारिश की गतिविधियां शुरू हो गई हैं। रांची स्थित मौसम केंद्र के अनुसार, उत्तर-पूर्वी, मध्य और दक्षिणी झारखंड के विभिन्न हिस्सों में आंशिक बादल छाए रहेंगे और कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक देखने को मिल सकती है।
तापमान ने तोड़े रिकॉर्ड
पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई जिलों में तापमान सामान्य से काफी अधिक दर्ज किया गया। सबसे ज्यादा तापमान डाल्टनगंज में रिकॉर्ड किया गया, जहां पारा 43.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। यह सामान्य से करीब 2.8 डिग्री अधिक है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा।
इन जिलों में जारी हुआ अलर्ट
मौसम विभाग ने शनिवार के लिए कई जिलों में अलर्ट जारी किया है। उत्तर-पूर्वी झारखंड के देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज में गरज के साथ तेज हवाएं और वज्रपात की आशंका जताई गई है।वहीं मध्य झारखंड के बोकारो, हजारीबाग, रामगढ़, लोहरदगा, खूंटी, गुमला, कोडरमा और धनबाद में भी मौसम का असर देखने को मिलेगा।
दक्षिणी झारखंड के पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला-खरसावां जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है।
आने वाले दिनों में और सक्रिय होगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, 26 से 28 अप्रैल के बीच राज्य में मौसम और ज्यादा सक्रिय रहेगा। इस दौरान कई हिस्सों में लगातार बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है।
26 और 27 अप्रैल को कुछ क्षेत्रों में हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने और ओलावृष्टि की भी संभावना है। वहीं 29 और 30 अप्रैल को भी मौसम पूरी तरह साफ नहीं रहेगा और गरज-चमक के साथ बारिश जारी रहने के आसार हैं।
तापमान में आएगी गिरावट
मौसम में बदलाव का असर तापमान पर भी पड़ेगा। अगले कुछ दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचें, पेड़ों या बिजली के खंभों के नीचे खड़े न हों और सुरक्षित स्थानों पर ही शरण लें।












