झारखंड की चटनी डॉन गिरफ्तार: कार को लेकर रोड पर हुआ था लफड़ा, चटनी डॉन ने अपने गुर्गों को बुलाकर करवा दिया हमला, अब हुई गिरफ्तार

Jharkhand's 'Chutney Don' arrested: A dispute over a car broke out on the road; the 'Chutney Don' summoned her henchmen to carry out an attack and has now been arrested.

जमशेदपुर। जानलेवा हमला मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी प्रिया सिंह उर्फ ‘चटनी डॉन’ को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी महिला सोनारी इलाके में सक्रिय एक आपराधिक गिरोह की सरगना है और उसके खिलाफ पहले से कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।

 

सड़क पर शुरू हुआ विवाद, हिंसक झड़प में बदला

पुलिस के मुताबिक सोनारी के आदर्श नगर ग्वाला बस्ती निवासी पूजा देवी ने 15 जून को सोनारी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। अपनी शिकायत में बताया गया कि उनके पति ओम प्रकाश सिंह ने एक तेज रफ्तार कार चालक को सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की सलाह दी थी। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया।

 

डॉन ने साथियों को बुलाकर किया हमला

आरोप है कि विवाद के बाद कार चालक की पत्नी प्रिया सिंह उर्फ चटनी डॉन ने अपने सहयोगियों को मौके पर बुला लिया। इसके बाद आरोपियों ने धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में पूजा देवी सहित उनके परिवार के कई सदस्य घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

 

इलाके में फैली थी दहशत

घटना के बाद सोनारी क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के निर्देश पर सोनारी थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई।

 

तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर गिरफ्तारी

पुलिस ने गुप्त सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी प्रिया सिंह उर्फ चटनी डॉन को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसे न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई के लिए प्रस्तुत किया गया।

 

15 आपराधिक मामलों में नामजद

पुलिस के अनुसार प्रिया सिंह के खिलाफ मारपीट, लूट, छिनतई, रंगदारी, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और एससी-एसटी एक्ट सहित कुल 15 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस का दावा है कि वह सोनारी क्षेत्र में सक्रिय एक आपराधिक नेटवर्क का संचालन करती थी।पुलिस ने बताया कि घटना में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

close