Koderma News: प्रेमिका की शादी के दिन प्रेमी की मौत, कमरे में फंदे से लटका मिला शव, पुलिस जांच में जुटी
Koderma News: Lover dies on the day of his girlfriend's wedding; body found hanging in the room; police investigating.

कोडरमा। प्रेमिका से जुदाई का गम प्रेमी बर्दाश्त नहीं कर सका, फिर गर्लफ्रेंड की शादी के दिन ही उसने अपनी जान दे दी। ये घटना झारखंड के कोडरमा जिले के सतगावां थाना क्षेत्र स्थित सिहास मुसहरिया गांव की है। जहां शनिवार सुबह एक 17 वर्षीय किशोर का शव उसके कमरे में फंदे से लटका मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान रंजीत मुसहर (17 वर्ष), पिता नरेश मुसहर के रूप में हुई है।
सुबह कमरे में मिला शव
बताया जा रहा है कि प्रेमिका की दूसरी जगह शादी करने के बाद से ही वो काफी परेशान था। वो हमेशा गुमशुम और अकेले में ही रहता था। परिजनों के अनुसार, शुक्रवार रात परिवार के सभी सदस्य भोजन करने के बाद सो गए थे। शनिवार सुबह काफी देर तक रंजीत कमरे से बाहर नहीं निकला। जब पिता उसे उठाने पहुंचे तो कमरा अंदर से बंद था। काफी आवाज देने के बावजूद कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।
इसके बाद परिजनों ने छत के रास्ते अंदर देखा, जहां रंजीत फंदे से लटका हुआ मिला। दरवाजा तोड़कर उसे नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल पुलिस को सूचना दी गयी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस कर रही सभी पहलुओं की जांच
परिजनों ने बताया कि रंजीत एक युवती से प्यार करता था। दोनों के बीच काफी लंबे समय से रिश्ता था। रंजीत उसी युवती से विवाह करना चाहता था। उनका कहना है कि युवती के परिवार ने यह रिश्ता स्वीकार नहीं किया और उसका विवाह किसी अन्य युवक से तय कर दिया था। परिवार का दावा है कि इसी वजह से वह मानसिक रूप से परेशान था।हालांकि, पुलिस ने अभी इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
घटना की सूचना मिलते ही सतगावां थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, कोडरमा भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।परिजनों के अनुसार, रंजीत पांच भाइयों में सबसे बड़ा था और आसपास के क्षेत्रों में मजदूरी कर परिवार का सहयोग करता था। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।









