कोडरमा : JE की परीक्षा देने जा रहे दो युवकों की सड़क दुर्घटना में मौत

कोडरमा : जिले के चंदवारा थाना क्षेत्र अंतर्गत रवां गौरी पुल के समीप मंगलवार की सुबह करीब 5 बजे दो वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार दो युवकों की घटना स्थल पर ही मौत हो गई. जानकारी के अनुसार जयनगर के सांथ निवासी जोहीत कुमार (पिता घनश्याम राम) एवं मोहसिन अंसारी (पिता इम्तियाज अंसारी) दोनों की उम्र करीब 22 साल, एक बाइक पर सवार होकर जेई की परीक्षा देने हजारीबाग जा रहे थे. इसी दौरान गौरी नदी पुल के समीप एक वैगन आर कार संख्या बीआर 01 बीएम 8808 से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई. जिसमें घटनास्थल पर ही दोनों युवकों की मौत हो गई. वहीं उनकी बाइक पूरी तरह से जल गई.
जानकारी के अनुसार, मोहसिन और जोहित अपने मोटरसाइकिल से हजारीबाग जेई की परीक्षा देने जा रहे थे. तभी तभी उरवां मोड़ के समीप हजारीबाग की ओर से आ रही एक कार से बाइक की सीधी टक्कर हो गयी. इस टक्कर के बाद दोनों युवक एक अज्ञात हाईवा की चपेट में आ गये, जिससे घटनास्थल पर ही दोनों की मौत हो गयी.
सूचना पाकर मौके पर – पुलिस पहुंच गयी है और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है. वहीं दोनो के परिजनों का रो रो के बुरा हाल है।











