सांसद पुत्र खेलेगा IPL: पापा सांसद पप्पू यादव और सांसद मां रंजीत रंजन का बेटा सार्थक IPL में बिका, जानिये किस टीम ने कितने में खरीदा, आक्रामक बैटिंग…
MP's son to play IPL: Sarthak, son of MP father Pappu Yadav and MP mother Ranjit Ranjan, sold in IPL; find out which team bought him for how much, aggressive batting...

Sartha Ranjan IPL KKR Team : निर्दलीय सांसद पप्पू यादव के बेटे सार्थक रंजन को आईपीएल 2026 में खेलने का मौका मिला है। कोलकाता नाइट राइडर्स ने उन्हें 30 लाख रुपये में टीम में शामिल किया है। बेटे की इस उपलब्धि पर पप्पू यादव ने खुशी जताते हुए सोशल मीडिया पर भावुक संदेश साझा किया है। हालांकि इस बात के पूरे चांस थे कि सार्थक को इस बार कोई ना कोई टीम जरूर खरीद लेगी।
अब आईपीएल नीलामी में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने सार्थक रंजन को 30 लाख रुपये में खरीदा है। यह राशि उनका बेस प्राइस थी और इसी कीमत पर वह शाहरुख खान की सहमालिकाना हक वाली टीम केकेआर का हिस्सा बने हैं।सार्थक रंजन की आईपीएल में एंट्री से न केवल उनका परिवार बल्कि उनके समर्थक और बिहार के क्रिकेट प्रेमी भी बेहद उत्साहित हैं।
बेटे की इस बड़ी उपलब्धि पर पप्पू यादव ने खुद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट कर खुशी जाहिर की। उन्होंने बेटे की तस्वीर साझा करते हुए लिखा,
“बधाई बेटू… जमकर खेलो… अपनी प्रतिभा के दम पर, अपनी पहचान बनाओ, अपनी चाहत पूरी करो! अब सार्थक के नाम से बनेगी हमारी पहचान!”
पहली बार आईपीएल में दिखेंगे सार्थक
आईपीएल 2026 सार्थक रंजन का पहला आईपीएल सीजन होगा। इससे पहले उन्होंने घरेलू क्रिकेट और दिल्ली प्रीमियर लीग में अपने प्रदर्शन से चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा था। कोलकाता नाइट राइडर्स ने युवा बल्लेबाज पर भरोसा जताते हुए उन्हें अपनी टीम में शामिल किया है। अब सार्थक के पास दुनिया की सबसे बड़ी टी-20 लीग में खुद को साबित करने का सुनहरा मौका है।
क्रिकेट करियर की शुरुआत
सार्थक रंजन का जन्म 25 सितंबर 1996 को हुआ था। उन्होंने क्रिकेट की शुरुआती ट्रेनिंग के बाद दिल्ली की ओर से घरेलू क्रिकेट खेलना शुरू किया।उन्होंने 2 जनवरी 2016 को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2015-16 में दिल्ली के लिए टी-20 डेब्यू किया। इसके बाद 25 फरवरी 2017 को विजय हजारे ट्रॉफी 2016-17 में लिस्ट-ए क्रिकेट में कदम रखा।
वहीं 20 नवंबर 2018 को रणजी ट्रॉफी 2018-19 के जरिए उन्होंने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में भी पदार्पण किया।सार्थक रंजन का नाम खास तौर पर तब चर्चा में आया, जब उन्होंने दिल्ली प्रीमियर लीग में शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने कुल 9 मैचों में लगभग 448 रन बनाए थे। खासकर दिल्ली प्रीमियर लीग 2025 में नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स की ओर से खेलते हुए उनका प्रदर्शन बेहद प्रभावशाली रहा।












