Reel बनाने का जुनून पड़ा भारी! रेलवे ट्रैक पर वीडियो बनाते-बनाते ट्रेन की चपेट में आई 19 साल की युवती, कटे दोनों हाथ
दोस्तों के साथ ट्रैक पर बना रही थी वीडियो, रांची-चोपन एक्सप्रेस ने मारी टक्कर; गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर

गढ़वा। सोशल मीडिया पर कुछ सेकंड की रील बनाने का जुनून एक 19 वर्षीय युवती के लिए जिंदगीभर का दर्द बन गया। गढ़वा-नगर ऊंटारी रेलखंड के जोबरईया गांव के पास रेलवे ट्रैक पर वीडियो बनाते समय युवती ट्रेन की चपेट में आ गई। हादसा इतना भीषण था कि उसके दोनों हाथ कट गए और शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं।
घायल युवती की पहचान गढ़वा थाना क्षेत्र के अशोक बिहार निवासी पूर्णिमा कुमारी के रूप में हुई है। हादसे के बाद उसे तत्काल गढ़वा सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने हायर सेंटर रेफर कर दिया।
दोस्तों के साथ रेलवे ट्रैक पर पहुंची थी युवती
जानकारी के मुताबिक, पूर्णिमा मंगलवार को कुछ दोस्तों के साथ जोबरईया रेलवे लाइन के पास गई थी। बताया जा रहा है कि वहां सभी मोबाइल से रील बनाने में व्यस्त थे।
इसी दौरान रांची की ओर से रांची-चोपन एक्सप्रेस ट्रेन आती दिखाई दी। इसके बावजूद युवती समय रहते ट्रैक से नहीं हट सकी और ट्रेन की चपेट में आ गई।
हादसा होते ही मची चीख-पुकार
ट्रेन की टक्कर से पूर्णिमा के दोनों हाथ कटकर अलग हो गए। उसके शरीर के अन्य हिस्सों में भी गंभीर चोटें आईं। हादसा होते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। साथ मौजूद दोस्तों ने किसी तरह घायल युवती को वहां से निकाला और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।
गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर
गढ़वा सदर अस्पताल में डॉक्टरों ने युवती का प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
कुछ सेकंड की रील, जिंदगीभर का दर्द!
यह घटना सोशल मीडिया पर रील और वीडियो बनाने के बढ़ते खतरनाक ट्रेंड को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है। रेलवे ट्रैक बेहद संवेदनशील और जानलेवा स्थान है, जहां कुछ सेकंड की लापरवाही भी जिंदगी बदल सकती है।
व्यूज और लाइक्स के लिए जोखिम उठाने का यह जुनून पूर्णिमा के लिए बेहद दर्दनाक साबित हुआ। हादसा एक बार फिर चेतावनी दे रहा है कि रील कुछ सेकंड की होती है, लेकिन उसके गलत परिणाम जिंदगीभर भुगतने पड़ सकते हैं।












