PAK सुधर जाओ वरना… राघव चड्ढा का गरजा बयान, पाकिस्तान को दी खुली चेतावनी, सोशल मीडिया पर मचा बवाल
ऑपरेशन सिंदूर की सालगिरह पर शेयर किया वीडियो

नई दिल्ली। राज्यसभा सांसद Raghav Chadha का एक तीखा और आक्रामक बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की पहली सालगिरह पर जारी किए गए वीडियो में राघव चड्ढा ने पाकिस्तान को सीधे शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि अगर पड़ोसी पाकिस्तान जैसा हो, तो उसे सुधारने के लिए कड़ी सजा देना जरूरी हो जाता है।
वीडियो में राघव चड्ढा कहते नजर आ रहे हैं कि भारत अब सिर्फ पाकिस्तान के खिलाफ नहीं, बल्कि आतंकवाद, क्रूरता और बर्बर मानसिकता के खिलाफ लड़ाई लड़ रहा है। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना जिस बहादुरी से लड़ रही है, उससे साफ है कि इस बार आतंकवाद का पूरी तरह सफाया होगा।
अपने बयान में उन्होंने कहा, “हमें उकसाओगे तो छोड़ेंगे नहीं।” उन्होंने जोर देकर कहा कि भारत का सिद्धांत हमेशा साफ रहा है कि देश पहले किसी को उकसाता नहीं, लेकिन अगर कोई हमला करे तो जवाब भी उसी भाषा में दिया जाता है।
राघव चड्ढा ने पहलगाम आतंकी हमले का जिक्र करते हुए कहा कि जिस बेरहमी से निर्दोष लोगों की हत्या की गई, उसने पूरे देश को झकझोर दिया था। उन्होंने दावा किया कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ उसी का जवाब था और भारतीय मिसाइलों व लड़ाकू विमानों ने पाकिस्तान के भीतर तक अपनी ताकत दिखाई।
अपने भाषण में उन्होंने 1971 के युद्ध और कारगिल संघर्ष का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जैसे भारत ने पहले पाकिस्तान को घुटनों पर लाने का काम किया था, वैसे ही अब भी देश आतंकवाद और उसके समर्थन करने वालों को करारा जवाब देने के लिए तैयार है।
सबसे ज्यादा चर्चा उनके उस बयान की हो रही है जिसमें उन्होंने कहा, “अपने तौर-तरीके सुधार लो, वरना अब गंगा काशी से बहकर इस्लामाबाद तक जाएगी और तिरंगा रावलपिंडी में लहराएगा।”
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर जबरदस्त बहस छिड़ गई है। कुछ लोग इसे राष्ट्रवाद और सेना के समर्थन वाला बयान बता रहे हैं, जबकि कुछ लोग इसे बेहद आक्रामक राजनीतिक बयानबाजी मान रहे हैं।
बताया गया कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पिछले साल 22 अप्रैल 2025 को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद शुरू किया गया था, जिसमें 26 लोगों की मौत हुई थी। इसके जवाब में भारत ने पाकिस्तान और पीओके में आतंकी ठिकानों पर एयर स्ट्राइक की थी, जिसके बाद दोनों देशों के बीच तनाव काफी बढ़ गया था।












