जहरीली शराब ने मचाई मौत की तबाही! 4 की जान गई, कई अस्पताल में तड़प रहे… 2 की आंखों की रोशनी भी छिनी
मोतिहारी के गांव में स्प्रिट से बनी शराब बनी काल, एक रात में बिगड़े हालात, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा असली राज

मोतिहारी से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां कथित जहरीली शराब ने एक ही झटके में कई परिवारों को तबाह कर दिया। इस हादसे में अब तक 4 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई लोग अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं।
घटना रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के बालगंगा गांव की बताई जा रही है, जहां बीते बुधवार रात करीब 30-40 लोगों ने स्प्रिट से बनी शराब का सेवन किया था। इसके कुछ ही देर बाद लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी और एक युवक की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। इसके बाद हालत लगातार बिगड़ती गई और इलाज के दौरान तीन और लोगों ने दम तोड़ दिया।
हालांकि, प्रशासन की ओर से अभी तक मौत की आधिकारिक पुष्टि जहरीली शराब से होने की नहीं की गई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारण का खुलासा हो पाएगा।
मृतकों में तुरकौलिया थाना क्षेत्र के प्रमोद यादव और परीक्षण माझी की पहचान हुई है। बताया जा रहा है कि एक अन्य मृतक चंदू के परिजनों ने घबराहट में शव का अंतिम संस्कार भी कर दिया, जिससे जांच और जटिल हो गई है।
इस पूरे घटनाक्रम में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि जहरीली शराब के सेवन से दो लोगों—लड्डू साह और लोहा सिंह—की आंखों की रोशनी चली गई है। दोनों का अस्पताल में इलाज जारी है, लेकिन अब तक उनकी दृष्टि वापस नहीं आई है। अन्य कई लोग भी गंभीर हालत में भर्ती हैं और बातचीत करने की स्थिति में नहीं हैं।
घटना के बाद रघुनाथपुर और तुरकौलिया थाना पुलिस संयुक्त रूप से जांच में जुट गई है। पुलिस ने घटनास्थल का दौरा कर साक्ष्य जुटाए हैं और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर जहरीली शराब कहां से आई।
फिलहाल पुलिस इस मामले में कुछ भी कहने से बच रही है, लेकिन गांव में दहशत और गुस्से का माहौल है। एक रात में हुई इन मौतों ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं—क्या यह लापरवाही का नतीजा है या फिर इसके पीछे कोई बड़ा अवैध नेटवर्क काम कर रहा है?












