रांची: ड्राइवर सुसाइड केस में पुलिस पर एक्शन, दो पुलिसकर्मी हुए सस्पेंड, थानेदार पर भी गिरेगी गाज
रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र में ऑटो चालक की आत्महत्या के बाद पुलिस पर गंभीर आरोप लगे हैं। सुसाइड नोट सामने आने के बाद दो पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया है, जबकि थानेदार पर भी कार्रवाई की अनुशंसा की गई है।

रांची। ड्राइवर के सुसाइड मामले में पुलिस पर एक्शन हुआ है। धुर्वा थाना क्षेत्र में ऑटो चालक प्रधान यादव की आत्महत्या के मामले में पुलिस विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए त्वरित कार्रवाई की है। मामले में लापरवाही और प्रताड़ना के आरोपों को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने दो पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है, जबकि थाना प्रभारी के खिलाफ भी विभागीय कार्रवाई की अनुशंसा की गई है।
सुसाइड नोट के बाद हरकत में आया पुलिस महकमा
दरअसल मृतक द्वारा छोड़े गए सुसाइड नोट में धुर्वा थाना के कुछ पुलिसकर्मियों पर मानसिक प्रताड़ना, अपमानजनक व्यवहार और शिकायत पर एकतरफा रवैया अपनाने के आरोप लगाए गए थे। सुसाइड नोट सामने आने के बाद मामला तूल पकड़ गया और स्थानीय लोगों ने थाने का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया।बढ़ते जनाक्रोश को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने मामले में तत्काल संज्ञान लिया और प्रारंभिक जांच के आधार पर संबंधित पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की गई।
जांच के बाद होगी आगे की कार्रवाई
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच कराई जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की सख्त कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने यह भी संकेत दिया है कि यदि प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए गए, तो अन्य जिम्मेदारों पर भी कार्रवाई हो सकती है।
विवाद के बाद थाने पहुंचा था मृतक
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक प्रधान यादव का 5 जून को अपने पड़ोसी जितेंद्र यादव से विवाद हुआ था, जो बाद में मारपीट तक पहुंच गया। इस घटना में मृतक के परिवार के अन्य सदस्य भी घायल हुए थे।इसके बाद प्रधान यादव ने धुर्वा थाना में लिखित शिकायत दी थी। हालांकि, परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज नहीं की और उसे डांटकर वापस भेज दिया।पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मामले की गंभीरता को देखते हुए इसे संवेदनशील श्रेणी में रखा गया है और उच्च स्तर पर मॉनिटरिंग की जा रही है।











