Pregnancy Diet Guide: प्रेग्नेंसी में महिलाएं क्या खाएं और किन चीजों से करें परहेज? जानिए मां और बच्चे के लिए क्या है सही डाइट

प्रेग्नेंसी में क्या खाना चाहिए और किन चीजों से बचना चाहिए? जानिए गर्भावस्था के दौरान मां और शिशु के लिए जरूरी पोषक तत्व, सही डाइट और जरूरी सावधानियां।

Pregnancy Diet in Hindi : गर्भावस्था के 9 माह एक मां दो-दो जीवन को पाल रही होती है। महिला के जीवन का ये ऐसा समय होता है, जब शरीर की पोषण संबंधी जरूरतें सामान्य दिनों की तुलना में बढ़ जाती हैं। इस दौरान लिया गया भोजन सिर्फ मां को ऊर्जा नहीं देता, बल्कि गर्भ में पल रहे शिशु के शारीरिक और मानसिक विकास में भी अहम भूमिका निभाता है। इसलिए डॉक्टर प्रेग्नेंसी के दौरान संतुलित, स्वच्छ और पोषक तत्वों से भरपूर आहार लेने की सलाह देते हैं।

प्रेग्नेंसी में किन पोषक तत्वों की सबसे ज्यादा जरूरत होती है?

गर्भावस्था के दौरान कुछ पोषक तत्व विशेष रूप से महत्वपूर्ण माने जाते हैं। फोलिक एसिड शिशु के मस्तिष्क और रीढ़ की हड्डी के शुरुआती विकास में मदद करता है। आयरन शरीर में खून की जरूरत पूरी करने में सहायक होता है, जबकि कैल्शियम और विटामिन-डी मां और बच्चे दोनों की हड्डियों को मजबूत बनाने में योगदान देते हैं। इसके अलावा प्रोटीन, आयोडीन, विटामिन-बी12 और ओमेगा-3 फैटी एसिड भी संतुलित मात्रा में मिलना जरूरी माना जाता है।

रोजमर्रा की डाइट में क्या शामिल करें?

विशेषज्ञों के अनुसार, गर्भवती महिलाओं को रोजाना मौसमी फल, हरी पत्तेदार सब्जियां, साबुत अनाज, दालें, बीन्स और पर्याप्त प्रोटीन वाले खाद्य पदार्थ लेने चाहिए। यदि डॉक्टर अनुमति दें, तो अंडे, अच्छी तरह पकी हुई मछली या कम वसा वाला मांस भी आहार का हिस्सा बन सकता है। दूध, दही और पनीर जैसे डेयरी उत्पाद कैल्शियम का अच्छा स्रोत हैं। वहीं बादाम, अखरोट और अलसी जैसे ड्राई फ्रूट्स व बीज सीमित मात्रा में लेने से हेल्दी फैट मिल सकता है। दिनभर पर्याप्त पानी पीना भी उतना ही जरूरी है, ताकि शरीर में पानी की कमी न हो।

किन चीजों से दूरी बनाना बेहतर है?

गर्भावस्था में कच्चे या अधपके मांस, मछली और अंडे खाने से बचना चाहिए, क्योंकि इनमें संक्रमण पैदा करने वाले बैक्टीरिया या परजीवी हो सकते हैं। बिना पाश्चुरीकृत दूध और उससे बने उत्पादों का सेवन भी जोखिम बढ़ा सकता है।शराब और तंबाकू का सेवन पूरी तरह छोड़ देना चाहिए। इसके अलावा चाय, कॉफी या अन्य कैफीन वाले पेय पदार्थों का सेवन सीमित मात्रा में करना बेहतर माना जाता है। किसी भी हर्बल उत्पाद, दवा या सप्लीमेंट का उपयोग डॉक्टर की सलाह के बिना नहीं करना चाहिए।

खानपान के दौरान किन बातों का रखें ध्यान?

गर्भावस्था में हमेशा ताजा और अच्छी तरह पका हुआ भोजन खाएं। लंबे समय तक खाली पेट न रहें और जरूरत हो तो दिन में तीन बड़े भोजन की बजाय थोड़ी-थोड़ी मात्रा में कई बार खाएं। फल और सब्जियों को अच्छी तरह धोने के बाद ही इस्तेमाल करें।यदि गर्भवती महिला को डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर, थायरॉयड या कोई अन्य बीमारी है, तो डाइट अपनी मर्जी से तय करने के बजाय स्त्री रोग विशेषज्ञ या डाइटिशियन की सलाह के अनुसार ही रखें।

याद रखें
हर महिला की प्रेग्नेंसी अलग होती है। इसलिए किसी दूसरी महिला की डाइट को बिना सलाह अपनाने के बजाय अपनी स्वास्थ्य स्थिति के अनुसार भोजन चुनना ज्यादा सुरक्षित रहता है। संतुलित आहार, पर्याप्त आराम, नियमित जांच और डॉक्टर की सलाह का पालन स्वस्थ गर्भावस्था की सबसे मजबूत नींव मानी जाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

close