पारा शिक्षक संघ के अध्यक्ष सह जिप सदस्य पति का अर्द्धनग्न हालत में फंदे से लटका मिला शव, मची सनसनी

पलामू : पांकी प्रखंड पारा शिक्षक संघ के अध्यक्ष और पांकी मध्य की जिला परिषद सदस्य खुशबू कुमारी के पति अरुण कुमार सिंह का शव मेदिनीनगर सदर थाना क्षेत्र के पोखराहा में फंदे से झूलता बरामद किया गया.
जानकारी के मुताबिक, अरुण ने मेदिनीनगर स्थित अपने किराए के मकान में आत्महत्या की घटना को अंजाम दिया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. अरुण ने आत्महत्या क्यों की यह अभी तक स्पष्ट नहीं है. फिलहाल पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।

अरुण कुमार सिंह ने यहां किराये का मकान ले रखा था. कमरे से दुर्गंध आने पर आस पास के लोगों की सूचना पर सदर थाना पुलिस शनिवार की देर शाम मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़ा तो अरुण का शव फंदे पर लटका पाया. अरुण का शव अर्द्धनग्न अवस्था में पाया गया. शव को कब्जे में लेने के बाद पुलिस पोस्टमार्टम के लिए एमआरएमसीएच में भेज दिया है।
बताया जाता है कि अरुण कुमार सिंह 8 जून की सुबह पांकी के तरवाडीह स्थित अपने पैतृक घर से निकले थे. उसके बाद से उनका कोई अता पता नहीं चल पा रहा था. इस बीच उनका शव मिलने से सनसनी फैल गई है.












