झारखंड में आज फिर सड़कों पर संग्राम! छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में BJP का बंद, रांची में टायर जलाकर प्रदर्शन

Jharkhand Band: झारखंड में जेपीएससी और जेएसएससी की परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर चल रहे छात्र आंदोलन ने अब नया मोड़ ले लिया है। सोमवार को छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में भारतीय जनता पार्टी ने मंगलवार, 11 अगस्त को पूरे झारखंड में बंद का आह्वान किया है। बंद का असर राजधानी रांची की सड़कों पर साफ दिखाई दे रहा है।
हरमू चौक पर टायर जलाकर सड़क जाम
बंद के समर्थन में भाजपा कार्यकर्ता सुबह से ही कई जगहों पर प्रदर्शन कर रहे हैं। रांची के हरमू चौक पर कार्यकर्ताओं ने टायर जलाकर सड़क जाम कर दी। इस दौरान सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई और छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई का विरोध किया गया।
सड़क जाम होने की वजह से इलाके में यातायात प्रभावित हुआ। कई जगहों पर सामान्य दिनों की तुलना में सड़कों पर कम आवाजाही दिखाई दे रही है।
बसों और यात्री वाहनों का परिचालन भी प्रभावित
बंदी का असर रांची के सार्वजनिक परिवहन पर भी नजर आ रहा है। आम दिनों के मुकाबले बसों और दूसरे यात्री वाहनों का परिचालन कम दिखाई दे रहा है।
रांची से बाहर जाने और राजधानी में आने वाले यात्रियों की संख्या में भी कमी देखी जा रही है। कई प्रमुख मार्गों पर सामान्य दिनों की अपेक्षा कम चहल-पहल नजर आ रही है।
रांची के सभी निजी स्कूल बंद
बंद को देखते हुए राजधानी रांची के सभी निजी स्कूलों को मंगलवार को बंद रखा गया है।
स्कूल प्रबंधन ने शहर की मौजूदा परिस्थितियों और विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्कूल बंद रखने का निर्णय लिया है।
आखिर क्यों भड़का छात्रों का आंदोलन?
जेपीएससी और जेएसएससी की प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितता, पेपर लीक और भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता को लेकर छात्र लंबे समय से आंदोलन कर रहे हैं।
सोमवार को छात्रों ने विधानसभा घेराव का प्रयास किया था। प्रदर्शनकारियों को रोकने के दौरान पुलिस ने वाटर कैनन, आंसू गैस और लाठीचार्ज का इस्तेमाल किया था। इस दौरान कई छात्रों के घायल होने की बात सामने आई।
इसके बाद भाजपा ने छात्रों के समर्थन में 11 अगस्त को पूरे झारखंड में बंद का आह्वान किया।
सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई
भाजपा ने पुलिस कार्रवाई को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए छात्रों की मांगों पर गंभीरता से विचार करने की मांग की है।
वहीं, बंद के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है।
राजधानी रांची में बंद का असर जारी रहने के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।












