झारखंड में भीषण मौसम का कहर…तीन जिलों में वज्रपात से मौत, देखें प्रभावित क्षेत्रों की तस्वीर!”
Severe weather wreaks havoc in Jharkhand...deaths due to lightning in three districts, see pictures of affected areas!

रांची : झारखंड में मौसम का कहर शनिवार को फिर दिखाई दिया। कोडरमा, गिरिडीह और चतरा में तेज हवा और जोरदार बारिश से जान- माल की हानि हुई है। बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और सक्रिय साइक्लोनिक सर्कुलेशन की वजह से राज्य में मौसम अचानक बदल गया है। मौसम विभाग ने 20 मार्च के लिए पूरे झारखंड में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
शुक्रवार शाम को कोडरमा, गिरिडीह और चतरा में तेज बारिश और आंधी की खबरें आईं। चतरा जिले के पत्थलगड़ा प्रखंड के सिंघानी और जेहरा गांव में वज्रपात से तीन महिलाओं की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से झुलस गए। इस घटना ने इलाके में डर और दहशत फैला दी।
राज्य के कई जिलों में 60-70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ गरज-चमक और ओलावृष्टि की संभावना है। प्रभावित जिलों में रांची, धनबाद, दुमका, देवघर, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, साहिबगंज, बोकारो, रामगढ़ और हजारीबाग शामिल हैं। वहीं खूंटी, पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, पलामू, गढ़वा, लातेहार, लोहरदगा, गुमला और सिमडेगा में भी तेज हवाओं और वज्रपात का खतरा बना रहेगा।
मौसम विभाग ने किसानों को खेतों में काम से परहेज करने और फसलों की सुरक्षा के लिए जरूरी इंतजाम करने की सलाह दी है। अगले तीन दिनों में तापमान में 3-4 डिग्री की गिरावट आने की संभावना है, जबकि 22 मार्च से मौसम साफ और शुष्क होने की उम्मीद है।

पिछले 24 घंटे में राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। बोकारो के नावाडीह में सबसे ज्यादा 43.0 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई, जबकि डाल्टेनगंज में अधिकतम तापमान 37.8°C और लातेहार में न्यूनतम तापमान 17.6°C दर्ज किया गया।












