नर्सरी की 3 साल की बच्ची से दुष्कर्म का आरोप…स्कूल के केयरटेकर की गिरफ्तारी से मचा हड़कंप
Allegations of Rape Against 3-Year-Old Nursery Student... Arrest of School Caretaker Sparks Uproar

दिल्ली के जनकपुरी इलाके से बेहद संवेदनशील और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। एक निजी स्कूल में पढ़ने वाली तीन साल की नर्सरी छात्रा के साथ कथित दुष्कर्म के आरोप में 57 वर्षीय केयरटेकर को गिरफ्तार किया गया है। घटना के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है, जबकि बच्ची का परिवार स्कूल प्रशासन पर गंभीर सवाल उठा रहा है।
स्कूल जाने के कुछ दिनों बाद बिगड़ी बच्ची की तबीयत
पुलिस के मुताबिक बच्ची विकासपुरी इलाके में अपने परिवार के साथ रहती है। हाल ही में उसका एडमिशन निजी स्कूल की नर्सरी कक्षा में कराया गया था। बच्ची ने 28 अप्रैल से स्कूल जाना शुरू किया था।
परिजनों के अनुसार पहले ही दिन स्कूल से लौटने के बाद बच्ची की तबीयत खराब हो गई थी। अगले दिन भी वह स्कूल गई, लेकिन शाम को घर लौटने के बाद उसकी हालत और बिगड़ गई।
दर्द से रोती बच्ची ने बताई पूरी घटना
बच्ची की मां ने पुलिस को बताया कि शाम करीब 4:30 बजे जब बच्ची नींद से उठी तो वह दर्द से कराह रही थी। मां ने जब कारण पूछा तो बच्ची ने स्कूल में हुई कथित घटना के बारे में बताया। यह सुनकर परिवार के लोग सदमे में आ गए।
मेडिकल जांच में हुई पुष्टि
परिजन बच्ची को पहले एक निजी अस्पताल लेकर गए, लेकिन वहां मामला पुलिस केस बताकर इलाज करने से मना कर दिया गया। इसके बाद बच्ची को डीडीयू अस्पताल ले जाया गया, जहां मेडिकल जांच में दुष्कर्म की पुष्टि होने की बात सामने आई।
बच्ची ने खुद आरोपी की पहचान की
घटना की जानकारी मिलने के बाद Delhi Police ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस बच्ची को स्कूल लेकर गई, जहां उसने 57 वर्षीय केयरटेकर की पहचान की।
इतना ही नहीं, बच्ची पुलिस को स्कूल परिसर के उस कमरे तक भी लेकर गई जहां कथित तौर पर वारदात हुई थी। पुलिस को वहां एक बिस्तर भी मिला, जिसके बाद आरोपी को तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया।
परिवार ने स्कूल प्रबंधन पर भी उठाए सवाल
पीड़ित परिवार का आरोप है कि घटना के समय एक महिला शिक्षिका भी वहां मौजूद थी, लेकिन उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई। परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि बच्ची से बार-बार बयान लिए जा रहे हैं, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान हो रही है।












