दो जवान घायल : राइफल हैंडओवर के दौरान एक्सीडेंटल फायरिंग में दो जवान घायल

बेतिया : जिले में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के मुख्य शाखा में एक्सीडेंटल फायरिंग हो गई। जिसमें 2 होमगार्ड के जवान घायल हो गए। दोनों को पैर में गोली लगी है। एक जवान गंभीर रूप से घायल है। होमगार्ड के अन्य जवानों ने दोनों को बेतिया गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से होमगार्ड जवान दीनबंधु यादव को बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया। दूसरे जवान सुरेश प्रसाद का इलाज जीएमसीएच में किया जा रहा है। जवान अपना प्रभार का लेन-देन कर रहे थे तभी फायरिंग हुई।
शाखा की सुरक्षा में 10 से 12 जवानों की तैनाती होती है। प्रभार लेने-देने के दौरान राइफल का भी चार्ज हैंडओवर होता है। राइफल का चार्ज हैंडओवर करने के दौरान हथियार की जांच की जा रही थी। इसी दौरान एक्सीडेंटल फायर हो गया। इसी में सामने बैठे होमगार्ड के घुटने में गोली लग गई और वही गोली दूसरे जवान को भी लगी। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर सदर एसडीपीओ माहताब आलम, नगर थानाध्यक्ष राजीव कुमार, मेजर अजय कुमार घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की छानबीन में जुट गए। इस दौरान होमगार्ड जवानों से पूछताछ की गई।
सूत्रों के अनुसार राइफल से गलती से गोली चल गई. राइफल से गोली चलने से दो जवान दिनबंधु यादव और सुरेश प्रसाद जख्मी हो गए हैं. गोली की आवाज सुनकर दूसरे पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को तुरंत बेतिया एमसीएच ले जाया गया. अस्पताल में दोनों होमगार्ड के जवानों का इलाज चल रहा है. दोनों खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं.











