Youtuber Manish Kashyap : कोर्ट के आदेश के बावजूद मनीष कश्यप को लेकर बिहार नहीं पहुंची चेन्नई पुलिस, आज किया जाना था कोर्ट में पेश

बेतिया। लाख कोशिशों के बावजूद यू-ट्यूबर मनीष कश्यप को राहत मिलती नहीं दिख रही है। फर्जी वीडियो वायरल करने के मामले में मनीष कश्यप पिछले तीन महीने से जेल में बंद हैं। हालांकि बेतिया कोर्ट ने जब पिछले दिनों मनीष कश्यप को हाजिर करने का हुक्म दिया था, तो उम्मीद यही बंधी थी कि मनीष कश्यप को चेन्नई की जेल से बेतिया कोर्ट पेशी के लिए लाया जायेगा, लेकिन चेन्नई पुलिस ने तय तारीख पर मनीष कश्यप को बेतिया कोर्ट में नहीं पेश किया। लिहाजा यूट्यूबर मनीष कश्यप के बिहार आने की उम्मीद टूट गयी है।
दरअसल मझौलिया के पारस पकड़ी स्थित भारतीय स्टेट बैंक के शाखा प्रबंधक के साथ दुर्व्यवहार करने एवं सरकारी कार्य में बाधा डालने के मामले में यूट्यूबर मनीष कश्यप को बेतिया कोर्ट ने 26 जून को पेश होने का आदेश दिया था। इस मामले में सीजेएम के न्यायालय की ओर से चेन्नई पुलिस और मदुरई सेंट्रल कारा को निर्देशित किया गया था। कोर्ट के आदेश के बाद मदुरई जेल अधीक्षक ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से यूट्यूबर मनीष कश्यप की पेशी का अनुरोध किया था, लेकिन कोर्ट ने उस अनुरोध को ठुकरा दिया था और 26 जून को बिहार लाकर बेतिया में पेश कराने की बात कही थी।
इधर मदुरई जेल की नाफरमानी अवमानना का बनता दिख रहा है। बेतिया के मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी के न्यायालय में आदेश के बावजूद मनीष कश्यप को पेशी के लिए नहीं लाने को लेकर सरकारी अधिवक्ता ने मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी से मदुरई पुलिस के खिलाफ अवमानना का मामला बनाने का अनुरोध किया है। आपको बता दें कि चेन्नई पुलिस 29 मार्च मनीष कश्यप को लेकर तमिलनाडू गयी थी, तभी वो वो मदुरई जेल में ही बंद हैं। इससे पहले 18 मार्च को मनीष कश्यप ने जगदीशपुर थाने में आत्मसमर्पण किया था।











