मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के निधन पर AJPMA ने जताया गहरा शोक, कहा- झारखंड ने जनसेवा से जुड़े एक समर्पित नेता को खो दिया.. राज्यभर में आयोजित होगी श्रद्धांजलि सभा
सुदिव्य कुमार सोनू के निधन पर AJPMA ने जताया शोक, पदाधिकारियों ने दी श्रद्धांजलि

रांची: झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के आकस्मिक निधन की खबर से पूरे राज्य में शोक की लहर है। उनके निधन पर विभिन्न राजनीतिक, सामाजिक और कर्मचारी संगठनों की ओर से शोक संवेदनाएं व्यक्त की जा रही हैं। इसी क्रम में ऑल झारखंड पारा मेडिकल एसोसिएशन (AJPMA) ने भी मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है।
AJPMA के प्रदेश अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार सिंह, महासचिव उपेंद्र कुमार सिंह एवं उपाध्यक्ष चंदन कुमार ने संयुक्त रूप से शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू का असमय निधन बेहद दुखद और स्तब्ध करने वाला है। उनके निधन से झारखंड ने एक ऐसे जनप्रतिनिधि को खो दिया, जिन्होंने अपने राजनीतिक जीवन में जनता से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का प्रयास किया।
एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू का अचानक चले जाना उनके परिवार, समर्थकों, सहयोगियों और उन्हें चाहने वाले लोगों के लिए बेहद पीड़ादायक है। उनके निधन से उत्पन्न रिक्तता को भर पाना आसान नहीं होगा। पारा मेडिकल समुदाय ने भी उनके निधन पर गहरी संवेदना प्रकट की है। आत्मा की शांति और संवेदना व्यक्त करने के लिए राज्य भर में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया जाएगा।
पारा मेडिकल एसोसिएशन ने दी श्रद्धांजलि
AJPMA के प्रदेश अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू का निधन झारखंड के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में सक्रिय रहने वाले सुदिव्य कुमार सोनू का योगदान और उनके साथ जुड़े लोगों की स्मृतियां हमेशा बनी रहेंगी।
महासचिव उपेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि उनके निधन की खबर ने पूरे संगठन को मर्माहत कर दिया है। उन्होंने दिवंगत मंत्री के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि दुख की इस घड़ी में AJPMA परिवार उनके साथ खड़ा है।
वहीं, उपाध्यक्ष चंदन कुमार ने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू का आकस्मिक निधन बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
राज्य संयोजिका सुनंदा जायसवाल ने कहा कर्मचारी हितों की समस्या को पूरे ध्यान से सुनने और समाधान निकालने वाले राजनेता को हमसब ने खो दिया है।जिसकी भरपाई संभव नहीं है।
परिवार के प्रति जताई संवेदना
ऑल झारखंड पारा मेडिकल एसोसिएशन (AJPMA ) ने कहा कि मंत्री के निधन से उनके परिवार और करीबियों पर दुख का पहाड़ टूट पड़ा है। संगठन ने शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस कठिन समय में पूरा पारा मेडिकल समुदाय उनके साथ है।
एसोसिएशन ने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत सुदिव्य कुमार सोनू की आत्मा को शांति मिले और उनके परिवार, शुभचिंतकों एवं समर्थकों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्राप्त हो।
शोक संवेदना व्यक्त करने वालों में राज्य पदाधिकारी मनोज कुमार, आनंद यादव, चंदन कुमार, संजय कुमार, बहमनी हेंब्रम, सहित स्वास्थ्य विभाग के तमाम कर्मचारी शामिल थे।












