24 घंटे में 5 कत्ल…कहीं मां-बेटे का शव..कहीं दोस्तों को गोदा गया… एक ही दिन में 2 डबल मर्डर समेत 5 हत्याओं ने हिला दी राजधानी…सड़कों से गलियों तक खौफ का माहौल

देश की राजधानी दिल्ली बीते 24 घंटे में खून से लाल होती नजर आई। अलग-अलग इलाकों में हुई 5 सनसनीखेज हत्याओं ने पूरे शहर को दहशत में डाल दिया। कहीं मां और बेटे को घर के अंदर मौत के घाट उतार दिया गया, तो कहीं दो नाबालिग दोस्तों की लाशें मिलने से हड़कंप मच गया। गोलीबारी, चाकूबाजी और खूनी झगड़ों की इन वारदातों ने दिल्ली की कानून-व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। लगातार सामने आ रही हत्याओं की खबरों से लोग सहमे हुए हैं और पुलिस भी अलर्ट मोड पर आ गई है।

दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के गोविंदपुरी इलाके में देर रात उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक घर के अंदर मां और बेटे की खून से लथपथ लाशें मिलीं। मृतकों की पहचान 42 वर्षीय शारदा और उनके 15 वर्षीय बेटे कुशल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों पर धारदार हथियार से बेरहमी से हमला किया गया। घटना के वक्त घर में सिर्फ मां-बेटा मौजूद थे, जबकि परिवार का मुखिया बाजार में दुकान लगाने गया था। देर रात जब वह घर लौटा तो रसोई में पत्नी और बेटे के शव पड़े देख उसके होश उड़ गए। पुलिस को शुरुआती जांच में लूटपाट की आशंका है, लेकिन मामला कई एंगल से खंगाला जा रहा है।

ये खबर भी पढ़ें…
Plugin developed by ProSEOBlogger. Get free gpl themes.

उधर रोहिणी जिले के अमन विहार इलाके में भी डबल मर्डर ने लोगों को झकझोर दिया। यहां 16 वर्षीय जॉनी और 17 वर्षीय ध्रुव की हत्या कर दी गई। दोनों दोस्त बताए जा रहे हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि इलाके में एक महिला के साथ विवाद और मारपीट के बाद खूनी संघर्ष हुआ। आरोप है कि महिला के बेटे ने धारदार हथियार से हमला कर दोनों की जान ले ली। पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया है और पूरे मामले की गहन जांच जारी है।

उत्तर-पूर्वी दिल्ली के वेलकम इलाके में भी गोलियों की तड़तड़ाहट से लोग दहल उठे। केशव चौक और श्याम लाल कॉलेज के पास अज्ञात बदमाशों ने 22 वर्षीय अमनउल्लाह कुरैशी पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके से सबूत जुटाने में लगी है, जबकि CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि हमलावरों तक पहुंचा जा सके।

ये खबर भी पढ़ें…
Plugin developed by ProSEOBlogger. Get free gpl themes.

इसी बीच सुभाष प्लेस इलाके में पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया। चाचा-भतीजे के बीच शुरू हुआ झगड़ा इतना बढ़ गया कि दोनों की जान चली गई। चाकूबाजी में भतीजा गंभीर रूप से घायल हुआ, जबकि चाचा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पुलिस इसे पारिवारिक रंजिश से जुड़ा मामला मान रही है।

दिल्ली के नरेला इलाके में तो जन्मदिन ही मौत का दिन बन गया। 17 वर्षीय किशोर को उसके ही दोस्त ने चाकू मारकर मौत के घाट उतार दिया। बताया जा रहा है कि जन्मदिन के दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपी ने गर्दन पर हमला कर दिया। घायल किशोर को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने नाबालिग आरोपी को हिरासत में लेकर हत्या में इस्तेमाल चाकू बरामद कर लिया है।

ये खबर भी पढ़ें…
Plugin developed by ProSEOBlogger. Get free gpl themes.

इन लगातार हत्याओं ने राजधानी में डर का माहौल पैदा कर दिया है। NCRB के आंकड़े भी दिल्ली की भयावह तस्वीर दिखाते हैं। रिपोर्ट के अनुसार 2024 में दिल्ली में 2 लाख 75 हजार से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हुए, जो देश के सभी महानगरों में सबसे अधिक हैं। आंकड़े भले पिछले साल की तुलना में थोड़े कम हुए हों, लेकिन राजधानी अब भी अपराध के मामले में देश में सबसे ऊपर बनी हुई है।

Related Articles

close