झारखंड : रांची में कोविड अलर्ट के बाद रिम्स की तैयारियां तेज, 20 बेड रिजर्व, जानें क्या हैं व्यवस्था
After Covid alert in Ranchi, RIMS preparations are in full swing, 20 beds are reserved, know what are the arrangements

रांची: झारखंड में कोविड संक्रमण की संभावित स्थिति को देखते हुए राज्य सरकार द्वारा रिम्स (राजेन्द्र आयुर्विज्ञान संस्थान) में विशेष तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। मरीजों की बढ़ती संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए रिम्स प्रशासन ने कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं ताकि संक्रमण की स्थिति में किसी तरह की असुविधा न हो।
प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार, रिम्स के डेंगू वार्ड में 20 बेड कोविड संक्रमित लेकिन स्थिर (माइल्ड केस) मरीजों के लिए आरक्षित किए गए हैं। इसके साथ ही, मेडिसिन विभाग के बाह्य रोगी सेवा (ओपीडी) में कोविड जांच की स्क्रीनिंग OPD और सैंपल कलेक्शन की भी विशेष व्यवस्था की गई है।
कोविड जांच और निगरानी के लिए RTPCR और जीनोम सीक्वेंसिंग से जुड़े विभागों को निर्देश दिया गया है कि वे आवश्यक रिएजेंट्स और कंज़्यूमेबल्स की पर्याप्त मात्रा में उपलब्धता सुनिश्चित करें। इसके लिए समय पर मांग पत्र प्रस्तुत करने को भी कहा गया है।
स्टोर विभाग को कोविड संक्रमण की स्थिति में उपयोगी वस्तुओं, उपकरणों और दवाओं की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसमें 500 पीस पीपीई किट, 500 बोतल हैंड रब, आवश्यकतानुसार ऑक्सीजन सिलिंडर और मॉनिटर, 5 रिजर्व वेंटिलेटर, एनआरवीएम ऑक्सीजन मास्क, वेंटिलेटर और HFNC के स्पेयर पार्ट्स शामिल हैं।
इसके अलावा दवाइयों की सूची में पेरासिटामोल, टेट्रासाइक्लिन, एजीथ्रोमाइसिन, आइवरमेक्टिन, प्रेडनिसोलोन (10 मि.ग्रा के 1000 टैबलेट) और खांसी की सिरप शामिल हैं।












