झारखंड : पलामू में दुल्हन के फरार होने का मामला…शादी के 20 दिन बाद लाखों रुपये लेकर गायब, पुलिस कर रही जांच
Jharkhand: Case of bride absconding in Palamu...disappeared with lakhs of rupees 20 days after marriage, police is investigating

आए दिन कई ऐसी खबरें सामने आती रहती है कि नई नवेली दुल्हन शादी के अगले ही दिन सारे जेवरात औक नकद लेकर फरार हो गई है. इस बीच ताजा मामला पलामू से सामने आया है. जहां एक जेवर कारीगर की पत्नी शादी के महज 20 दिन बाद ही लाखों रुपये लेकर फरार हो गई.
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, महाराष्ट्र के पुणे के एक जेवर कारीगर गणेश्वर की शादी 20 दिन पहले हुई थी. लेकिन 21वें दिन दुल्हन लाखों रुपये और सोने के जेवरात और 90 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गई. लेकिन इस घटना ने पलामू के मेदिनीनगर टाउन को चर्चा का केंद्र बना दिया है. दरअसल, पीड़ित दूल्हा ने मेदिनीनगर थाने में मामले को लेकर एफआईआर दर्ज कराई है. और पुलुस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
बता दें कि पुणे के रहने वाले गणेश्वर पलामू के मेदीनीनगर टाउन में एक सर्राफा व्यवसायी के यहां जेवर बनाने का काम करते है. करीब 20 दिन पहले उनकी शादी महाराष्ट्र के लातूर की एक युवती से हुई थी.
लाखों रुपये लेकर हुई फरार
शादी के बाद दंपती मेदिनीनगर में साथ रह रहा था. गणेश्वर ने बताया कि शुक्रवार को जब वह काम से घर लौटा तो पत्नी घर पर नहीं थी. साथ ही घर में रखे लाखों रुपये के सोने के जेवरात और 90 हजार रुपये नकद भी गायब था. कई जेवरात ग्राहकों के थे. जो उनके पास रखे हुए थे.
गणेश्वर ने पुलिस को बताया कि शादी से एक दिन पहले उनकी पत्नी के कथित बॉयफ्रेंड का फोन आया था, जिसने उन्हें शादी न करने की चेतावनी दी थी. हालांकि, उनकी पत्नी ने ऐसे किसी संबंध से इनकार किया था, और शादी संपन्न हो गई थी. गणेश्वर को शक है कि उनकी पत्नी अपने बॉयफ्रेंड के पास भाग गई है. सीसीटीवी फुटेज में उनकी पत्नी एक अटैची लेकर जाते हुए दिखाई दी है.
CCTV खंगाल कर दुल्हन की हो रही तलाश
मेदिनीनगर टाउन थाना प्रभारी ज्योति लाल रजवार ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है, और पुलिस पूरे मामले की गहन छानबीन कर रही है. सीसीटीवी फुटेज की जांच के साथ-साथ अन्य सुरागों के आधार पर फरार दुल्हन की तलाश की जा रही है.
इस घटना ने मेदिनीनगर में हलचल मचा दी है. स्थानीय लोग इस मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं. गणेश्वर की मानें तो यह उनके लिए आर्थिक और भावनात्मक दोनों तरह का बड़ा झटका है. पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही मामले का खुलासा होगा और दोषी को पकड़ा जाएगा.












