रांची में आधी रात चला पुलिस का बड़ा ऑपरेशन, 100 से ज्यादा वारंटी दबोचे गए… शहरभर में मचा हड़कंप
Major Police Operation Launched in Ranchi at Midnight; Over 100 Wanted Persons Apprehended—City Thrown into a Frenzy

रांची। राजधानी रांची में पुलिस ने अपराधियों और लंबे समय से फरार वारंटियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ही रात में 100 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। सभी गिरफ्तारियां नॉन बेलेबल वारंट यानी NBW मामलों में की गई हैं।
यह बड़ा अभियान रांची के एसएसपी Rakesh Ranjan के निर्देश पर जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चलाया गया।
देर रात तक चली दबिश, कई इलाकों में बढ़ी बेचैनी
पुलिस की टीमें देर रात तक शहर और आसपास के इलाकों में लगातार छापेमारी करती रहीं। इस दौरान ऐसे आरोपियों को निशाने पर लिया गया, जो लंबे समय से फरार चल रहे थे या अदालत से वारंट जारी होने के बावजूद पेश नहीं हो रहे थे।
अचानक हुई इस कार्रवाई से कई इलाकों में हड़कंप जैसी स्थिति बन गई। पुलिस की मौजूदगी देखकर कई लोग घरों से बाहर निकल आए और देर रात तक हलचल बनी रही।
पहले से तैयार थी सूची, एक साथ कई जगह हुई कार्रवाई
जानकारी के मुताबिक इस विशेष अभियान के लिए पुलिस ने पहले से पूरी तैयारी कर रखी थी। सभी थानों की पुलिस के साथ विशेष टीमों को भी लगाया गया था।
पहले से तैयार सूची के आधार पर अलग-अलग इलाकों में एक साथ दबिश दी गई। कई आरोपी अपने घरों से पकड़े गए, जबकि कुछ लोग पुलिस से बचने के लिए छिपने की कोशिश करते मिले।
NBW मामलों पर सख्त हुई पुलिस
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नॉन बेलेबल वारंट वाले मामलों को अब गंभीरता से लिया जा रहा है। ऐसे आरोपियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जाएगा, ताकि कानून व्यवस्था मजबूत बनी रहे और अपराधियों में पुलिस का डर कायम हो।
एसएसपी ने दिए नियमित अभियान के निर्देश
एसएसपी राकेश रंजन ने सभी थाना प्रभारियों को फरार वारंटियों और अपराधियों के खिलाफ नियमित और सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
पुलिस का साफ कहना है कि आने वाले दिनों में भी इस तरह के स्पेशल ऑपरेशन जारी रहेंगे और कानून से बचने की कोशिश करने वालों पर लगातार शिकंजा कसा जाएगा।












