Bread Price : दूध के बाद अब ब्रेड ने दिया झटका, हर सुबह की जरूरत बनी महंगी, आम आदमी की रसोई पर फिर पड़ा महंगाई का वार
महंगाई का नया हमला! अब ब्रेड खरीदने से पहले कांपेगी जेब, मुंबई में रातोंरात बढ़े दाम

Bread Price : आम आदमी को महंगाई ने एक और जोरदार झटका दे दिया है। पेट्रोल-डीजल, सीएनजी और दूध के दाम बढ़ने के बाद अब रोजाना नाश्ते में इस्तेमाल होने वाली ब्रेड भी महंगी हो गई है। मुंबई में प्रमुख ब्रेड निर्माता कंपनी मॉडर्न ब्रेड ने अपने कई लोकप्रिय वेरिएंट्स की कीमतों में 2 रुपये से लेकर 5 रुपये तक की बढ़ोतरी कर दी है। नई कीमतें 16 मई से लागू हो चुकी हैं, जिससे लाखों उपभोक्ताओं की जेब पर सीधा असर पड़ने वाला है।
सबसे ज्यादा झटका 400 ग्राम सैंडविच ब्रेड, होल व्हीट, मल्टीग्रेन और ब्राउन ब्रेड खरीदने वालों को लगा है। इन सभी की कीमतों में सीधे 5 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। वहीं स्मॉल ब्राउन और व्हाइट ब्रेड भी अब पहले से ज्यादा महंगी हो चुकी है।
Bread Price :अब इतनी महंगी हुई ब्रेड
400 ग्राम सैंडविच ब्रेड की कीमत 40 रुपये से बढ़ाकर 45 रुपये कर दी गई है।
होल व्हीट ब्रेड अब 55 की जगह 60 रुपये में मिलेगी।
मल्टीग्रेन ब्रेड 60 से बढ़कर 65 रुपये पहुंच गई है।
ब्राउन ब्रेड की कीमत 45 से 50 रुपये हो गई है।
स्मॉल ब्राउन ब्रेड 28 से बढ़कर 30 रुपये और व्हाइट ब्रेड 20 से बढ़कर 22 रुपये की हो गई है।
Bread Price :आखिर क्यों फूटा महंगाई का यह नया बम?
कंपनी के मुताबिक, लगातार बढ़ती ट्रांसपोर्ट लागत इसकी सबसे बड़ी वजह है। पेट्रोल, डीजल और सीएनजी की कीमतों में इजाफे के कारण डिलीवरी खर्च तेजी से बढ़ा है। इसके अलावा पैकेजिंग में इस्तेमाल होने वाले प्लास्टिक कच्चे माल का आयात महंगा पड़ रहा है, क्योंकि डॉलर के मुकाबले रुपया कमजोर हुआ है। वहीं ब्रेड बनाने में इस्तेमाल होने वाले अन्य कच्चे माल की कीमतें भी लगातार बढ़ रही हैं।
Bread Price :अब बढ़ सकती है बाकी कंपनियों की कीमतें भी
बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि मॉडर्न ब्रेड के बाद अब ब्रिटानिया और विब्स जैसी बड़ी कंपनियां भी जल्द अपने दाम बढ़ा सकती हैं। अगर ऐसा हुआ तो आने वाले दिनों में आम आदमी के किचन का बजट और बिगड़ सकता है।
गौरतलब है कि इससे पहले अमूल और मदर डेयरी ने भी 14 मई से दूध के दाम 2 रुपये प्रति लीटर बढ़ा दिए थे। ऐसे में अब रोजमर्रा की हर जरूरी चीज धीरे-धीरे आम आदमी की पहुंच से दूर होती नजर आ रही है।












