Muzaffarpur Honor Killing: बेटी ने की लव मैरिज, तो परिवारवालों ने वापस बुलाकर घोंट दिया गला, पति ने दी आत्महत्या की धमकी, तो खुला राज…
मुजफ्फरपुर में ऑनर किलिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है। 19 वर्षीय सुजाता कुमारी की कथित तौर पर परिवार ने गला दबाकर हत्या कर दी और शव को बूढ़ी गंडक नदी किनारे जला दिया। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।Muzaffarpur Honor Killing, Sujata Kumari Murder, Bihar Crime News, Inter Caste Marriage Murder, Honor Killing Bihar, Muzaffarpur News, Love Marriage Case, Sivai Patti Police, Bihar Latest News, Crime News

Crime News। बेटी का लव मैरिज करना परिवार को इस कदर नागवार लगा, कि परिवारवालों ने बहला फुसलाकर लाने के बाद ना सिर्फ उसकी हत्या कर दी, बल्कि चुपचाप उसे जला भी दिया। मामले का खुलासा तब हुआ, जब पति ने पत्नी की हत्या की आशंका जतायी और खुदकुशी की धमकी दी। दिल दहलाने वाली ये घटना बिहार के मुजफ्फरपुर जिले की है। जहां अंतरजातीय प्रेम विवाह को लेकर ऑनर किलिंग का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है।
आरोप है कि 19 वर्षीय सुजाता कुमारी की उसके ही परिजनों ने गला दबाकर हत्या कर दी और पहचान मिटाने के लिए शव को बूढ़ी गंडक नदी के किनारे जलाकर ठिकाने लगा दिया। सोशल मीडिया पर पति द्वारा न्याय की गुहार लगाने के बाद पुलिस जांच में इस हत्याकांड का खुलासा हुआ है।
छह साल पुराना प्रेम, जनवरी में की थी शादी
सिवाईपट्टी थाना क्षेत्र के कोदरिया गोसाईपुर गांव निवासी सुजाता कुमारी और घंसौत गांव के रहने वाले गौरीशंकर कुमार के बीच वर्ष 2020 से प्रेम संबंध था। दोनों एक ही स्कूल में पढ़ते थे और समय के साथ उनका रिश्ता गहरा होता गया।18 जनवरी 2026 को दोनों घर से भागकर समस्तीपुर पहुंचे, जहां उन्होंने विवाह कर लिया। शादी के बाद दोनों हरियाणा चले गए। हालांकि अलग-अलग जाति से होने के कारण युवती का परिवार इस रिश्ते का लगातार विरोध कर रहा था।
हरियाणा से बरामद हुआ था दंपती
इस शादी के बाद युवती के परिजनों ने अपहरण का मामला दर्ज कराया था। पुलिस ने 11 फरवरी को हरियाणा से दोनों को बरामद किया। अदालत में सुजाता ने स्पष्ट रूप से कहा था कि वह बालिग है और अपनी इच्छा से शादी की है।इसके बावजूद गौरीशंकर को जेल भेज दिया गया, जबकि सुजाता को रिश्तेदारों के यहां रखा गया। बाद में होली के दौरान उसकी मां उसे अपने साथ घर ले गई।
31 मार्च के बाद अचानक हो गई लापता
मार्च में जेल से रिहा होने के बाद गौरीशंकर लगातार अपनी पत्नी से संपर्क करने का प्रयास कर रहा था। 31 मार्च को दोनों की आखिरी बार बातचीत हुई। इसके बाद सुजाता का मोबाइल बंद हो गया और उसका कोई पता नहीं चला।पत्नी से संपर्क नहीं होने पर गौरीशंकर ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर उसकी हत्या की आशंका जताई थी। उसने दोषियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर आत्महत्या तक की चेतावनी दी थी।
परिवार को था दोबारा पति के पास जाने का डर
पुलिस द्वारा गठित विशेष जांच टीम की पूछताछ में आरोपी अभिषेक कुमार ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने स्वीकार किया कि 8 मई को परिवार के लोगों ने मिलकर सुजाता की गला दबाकर हत्या कर दी।पूछताछ में सामने आया कि परिजनों को डर था कि सुजाता फिर से अपने पति के पास चली जाएगी, जिससे परिवार की सामाजिक प्रतिष्ठा प्रभावित होगी। इसी वजह से उसकी हत्या की साजिश रची गई।
हत्या के बाद नदी किनारे जलाया शव
आरोपियों ने हत्या के बाद शव को बूढ़ी गंडक नदी के किनारे ले जाकर जला दिया, ताकि कोई सबूत न बच सके और घटना का खुलासा न हो सके।हालांकि पति की लगातार शिकायतों और सोशल मीडिया पर उठाए गए सवालों के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और जांच तेज कर दी।
सोशल मीडिया पोस्ट बना खुलासे की वजह
गौरीशंकर कुमार ने सोशल मीडिया पर एक भावुक वीडियो पोस्ट किया था, जिसमें उसने कहा था, “मेरी पत्नी के हत्यारों को गिरफ्तार करो, नहीं तो मैं आत्महत्या कर लूंगा।”इस पोस्ट के वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और मामले की गहन जांच शुरू की गई। जांच के दौरान कई अहम सुराग मिले, जिसके बाद पूरे हत्याकांड का पर्दाफाश हुआ।
एक आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी
पुलिस की निशानदेही पर फॉरेंसिक टीम ने शव जलाने वाली जगह से नमूने एकत्र किए हैं। मामले में सिवाईपट्टी थाना में कांड संख्या 125/26 दर्ज किया गया है।डीएसपी अलय वत्स ने बताया कि आरोपी अभिषेक कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में पांच से अधिक लोगों की संलिप्तता सामने आई है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।यह घटना एक बार फिर समाज में अंतरजातीय विवाह को लेकर मौजूद संकीर्ण सोच और सामाजिक दबाव पर गंभीर सवाल खड़े करती है। प्रेम विवाह करने वाली एक बालिग युवती को अपनी पसंद का जीवनसाथी चुनने की कीमत जान देकर चुकानी पड़ी।












