क्या आम खाने से बढ़ता है यूरिक एसिड? जानिए एक्सपर्ट की राय और किन फलों का करें सेवन

क्या हाई यूरिक एसिड में आम खाना सुरक्षित है? जानिए न्यूट्रिशनिस्ट की राय, आम के फायदे, यूरिक एसिड कंट्रोल करने वाले फल और जरूरी सावधानियां।

Does Eating Mango Cause High Uric Acid: गर्मियों के इस सीजन में बाजार में आम की बहार आ जाती है। स्वाद, सुगंध और पोषण से भरपूर आम को फलों का राजा कहा जाता है। लेकिन जिन लोगों का यूरिक एसिड बढ़ा हुआ होता है, उनके मन में अक्सर यह सवाल रहता है कि क्या आम खाने से यूरिक एसिड बढ़ जाता है? कहीं आम खाने से उनकी सेहत बिगड़ तो नहीं जायेगी। यूरिक एसिड का लेवल पहले से ज्यादा तो नहीं हो जायेगा। आइए जानते हैं कि इस बारे में स्वास्थ्य विशेषज्ञ क्या कहते हैं।

क्या होता है यूरिक एसिड?

आपको बता दें कि यूरिक एसिड शरीर में बनने वाला एक प्राकृतिक अपशिष्ट पदार्थ (वेस्ट प्रोडक्ट) है, जो प्यूरीन नामक तत्व के टूटने पर बनता है। सामान्य स्थिति में किडनी इसे फिल्टर करके पेशाब के जरिए शरीर से बाहर निकाल देती है। लेकिन जब शरीर में इसकी मात्रा अधिक हो जाती है या किडनी इसे ठीक से बाहर नहीं निकाल पाती, तब यह जोड़ों में क्रिस्टल के रूप में जमा होने लगता है। इससे गाउट, गठिया, जोड़ों में दर्द, सूजन और लालिमा जैसी समस्याएं हो सकती हैं। लंबे समय तक यूरिक एसिड बढ़ा रहने पर किडनी स्टोन, किडनी से जुड़ी समस्याओं और हृदय रोगों का खतरा भी बढ़ सकता है।

क्या आम खाने से बढ़ता है यूरिक एसिड?

जयपुर के महात्मा गांधी अस्पताल की न्यूट्रिशनिस्ट प्रांजल कुमत के अनुसार, आम सीधे तौर पर यूरिक एसिड नहीं बढ़ाता। आम में प्यूरीन की मात्रा बहुत कम होती है, इसलिए यह यूरिक एसिड बढ़ाने वाले खाद्य पदार्थों की श्रेणी में नहीं आता।इसके विपरीत, आम में मौजूद विटामिन C, फाइबर, विटामिन A, विटामिन E, फोलेट, कॉपर और एंटीऑक्सीडेंट शरीर को कई तरह से लाभ पहुंचाते हैं।

विटामिन C यूरिक एसिड के स्तर को नियंत्रित रखने में मदद कर सकता है, जबकि फाइबर पाचन को बेहतर बनाता है।हालांकि, आम में प्राकृतिक शर्करा (नेचुरल शुगर) भी अच्छी मात्रा में होती है। इसलिए हाई यूरिक एसिड, डायबिटीज या मोटापे से जूझ रहे लोगों को आम का सेवन सीमित मात्रा में करना चाहिए। जरूरत से ज्यादा आम खाना वजन बढ़ाने और ब्लड शुगर बढ़ाने का कारण बन सकता है।

आम खाने का सही तरीका

यदि आपका यूरिक एसिड बढ़ा हुआ है, तो दिन में एक मध्यम आकार का आम या सीमित मात्रा में आम खाना सुरक्षित माना जाता है। आम को भोजन के साथ संतुलित मात्रा में लें। अतिरिक्त चीनी मिलाकर मैंगो शेक या बहुत मीठी स्मूदी पीने से बचें, क्योंकि इससे कैलोरी और शुगर दोनों बढ़ जाते हैं।

यूरिक एसिड के मरीज कौन-से फल खा सकते हैं?

यूरिक एसिड को नियंत्रित रखने के लिए केवल आम ही नहीं, बल्कि कई अन्य फल भी फायदेमंद माने जाते हैं।

संतरा और नींबू: इनमें भरपूर मात्रा में विटामिन C और सिट्रिक एसिड होता है, जो शरीर से विषैले तत्वों को बाहर निकालने और यूरिक एसिड के स्तर को नियंत्रित रखने में मदद कर सकता है।

सेब: सेब में पाया जाने वाला मैलिक एसिड शरीर में यूरिक एसिड के संतुलन को बनाए रखने में सहायक माना जाता है। साथ ही इसमें मौजूद फाइबर पाचन को बेहतर बनाता है।
इसके अलावा चेरी, अमरूद, कीवी, पपीता और जामुन जैसे फल भी संतुलित मात्रा में खाए जा सकते हैं।

इन बातों का रखें ध्यान

यूरिक एसिड को नियंत्रित रखने के लिए पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं, नियमित व्यायाम करें और रेड मीट, ऑर्गन मीट, शराब तथा अधिक प्यूरीन वाले खाद्य पदार्थों का सेवन सीमित करें। यदि यूरिक एसिड लगातार बढ़ा हुआ है, तो केवल खानपान पर निर्भर रहने के बजाय डॉक्टर की सलाह के अनुसार इलाज और नियमित जांच कराते रहें।

अस्वीकरण: यह लेख सामान्य स्वास्थ्य संबंधी जानकारी पर आधारित है। किसी भी बीमारी या उपचार के लिए डॉक्टर या योग्य स्वास्थ्य विशेषज्ञ की सलाह अवश्य लें।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

close