हिमांशु सिंह हत्याकांड: पत्नी को मिलेगी सरकारी नौकरी, प्रशासन ने मांगी है चार मांगें, मुख्य आरोपी पर 2 लाख का इनाम घोषित
जमशेदपुर के चर्चित हिमांशु सिंह हत्याकांड में मुख्य आरोपी विश्वनाथ मंडल उर्फ बोदरा पर पुलिस ने 2 लाख रुपये का इनाम घोषित किया है। परिवार की 4 मांगें मानने के बाद अंतिम संस्कार हुआ।

जमशेदपुर। बिष्टुपुर स्थित डबल डाउन बार के बाहर हुए चर्चित हिमांशु सिंह हत्याकांड में फरार मुख्य आरोपी विश्वनाथ मंडल उर्फ बोदरा की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने बड़ा कदम उठाया है। पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी में मदद करने वाले को 2 लाख रुपये नकद इनाम देने की घोषणा की है। वहीं, सरकार और जिला प्रशासन द्वारा पीड़ित परिवार की चार प्रमुख मांगों पर लिखित आश्वासन दिए जाने के बाद करीब ढाई दिन से जारी गतिरोध समाप्त हो गया और हिमांशु सिंह का अंतिम संस्कार कर दिया गया। जिला प्रशासन ने सरकारी नौकरी का प्रस्ताव राज्य सरकार को भेजने की बात कही है।
मुख्य आरोपी पर 2 लाख का इनाम
पूर्वी सिंहभूम के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) कार्यालय ने विश्वनाथ मंडल उर्फ बोदरा की गिरफ्तारी के लिए सूचना देने वाले व्यक्ति को 2 लाख रुपये का इनाम देने की घोषणा की है। पुलिस के अनुसार आरोपी घटना के बाद से फरार है और उसकी तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।आरोपी के खिलाफ बिष्टुपुर थाना में कांड संख्या 84/2026 दर्ज है। उसके विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
परिवार की चार मांगें मानी गईं
बुधवार को सरकार और जिला प्रशासन के साथ लंबी बातचीत के बाद पीड़ित परिवार अंतिम संस्कार के लिए तैयार हुआ। प्रशासन ने लिखित रूप से चार प्रमुख मांगों पर सहमति दी, जिनमें—
• घटना के दौरान कथित लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ हत्या (IPC 302) के तहत कार्रवाई की अनुशंसा।
• मृतक हिमांशु सिंह की पत्नी को सरकारी नौकरी देने का प्रस्ताव राज्य सरकार को भेजना।
• मामले का स्पीडी ट्रायल चलाकर दोषियों को कड़ी सजा दिलाने का प्रयास।
• सभी फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करना।
हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद हुआ अंतिम संस्कार
करीब ढाई दिन तक शव नहीं उठाने पर अड़े परिजनों और प्रशासन के बीच कई दौर की बातचीत हुई। मौके पर कोल्हान डीआईजी अनुरंजन किस्पोट्टा, सरायकेला-खरसावां के डीसी नीतीश कुमार सिंह, ढालभूम एसडीएम अर्नव मिश्रा, सिटी एसपी ललित मोहन मीणा और ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल समेत दोनों जिलों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।लिखित आश्वासन मिलने के बाद परिजन शव लेकर आदित्यपुर स्थित आवास पहुंचे, जहां अंतिम दर्शन के बाद बिष्टुपुर के पार्वती घाट पर अंतिम संस्कार किया गया।
सरायकेला-खरसावां का रहने वाला है आरोपी
पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी विश्वनाथ मंडल उर्फ बोदरा सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना क्षेत्र स्थित धातकीडीह गांव का निवासी है। उसकी गिरफ्तारी के लिए कई संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।
सूचना देने वालों की पहचान रहेगी गोपनीय
पुलिस ने कहा है कि आरोपी के बारे में सटीक सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। साथ ही उसकी सुरक्षा भी सुनिश्चित की जाएगी। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि आरोपी की गतिविधियों या ठिकाने की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें।












