झारखंड : खून से लाल हुई सड़क! आमने-सामने की टक्कर में 2 की दर्दनाक मौत, 3 जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे

झारखंड के लातेहार जिले में शनिवार को एक भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। बालूमाथ थाना क्षेत्र के गणेशपुर हाई स्कूल के पास दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भयावह था कि दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की हालत नाजुक होने के कारण उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद रांची के रिम्स अस्पताल रेफर किया गया है।
मृतकों की पहचान हजारीबाग के निरी निवासी महावीर गंझू (32) और चतरा जिले के सिमरटांड बड़गांव निवासी पंकज उरांव (23) के रूप में हुई है।
वहीं हादसे में सविता देवी (35), फूलमती (13) और संजय उरांव (21) गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों का बालूमाथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक इलाज करने के बाद बेहतर उपचार के लिए रांची रिम्स भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार, महावीर गंझू अपनी पत्नी के साथ बाइक से अपने ससुराल गोलीटांड जा रहे थे। इसी दौरान गणेशपुर से बालूमाथ की ओर जा रही दूसरी बाइक से उनकी सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और सीसीएल की मोबाइल मेडिकल यूनिट की मदद से सभी घायलों को बालूमाथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। यहां डॉ. अलीशा टोप्पो और डॉ. खुशबू ने प्राथमिक उपचार किया। डॉक्टरों ने घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें तत्काल रांची रिम्स रेफर कर दिया।
इधर, बालूमाथ पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए लातेहार सदर अस्पताल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।









