झारखंड पर फिर मंडराया बारिश का कहर! 28 जुलाई तक मूसलाधार बारिश और वज्रपात का अलर्ट, इन जिलों के लोग रहें सतर्क

झारखंड में दो दिनों की राहत के बाद मॉनसून एक बार फिर रौद्र रूप दिखाने की तैयारी में है। मौसम विभाग ने 25 जुलाई से राज्य में बारिश की गतिविधियां तेज होने का पूर्वानुमान जताया है। 28 जुलाई तक कई जिलों में भारी बारिश, वज्रपात और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की गई है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी गई है।

मौसम केंद्र के अनुसार, 29 जुलाई से मॉनसून की रफ्तार कुछ धीमी पड़ सकती है। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक 52 मिमी बारिश कोडरमा में हुई, जबकि कुरडेग में 26 मिमी, बालूमाथ में 25 मिमी और जमशेदपुर में 25 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। राजधानी रांची में भी छिटपुट बारिश हुई।

किस दिन किन जिलों में होगी भारी बारिश?

मौसम विभाग के अनुसार 25 जुलाई को लोहरदगा, रांची, गुमला, खूंटी, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, पूर्वी सिंहभूम और सिमडेगा जिलों में भारी बारिश की संभावना है।

26 जुलाई को हजारीबाग, रांची, बोकारो, धनबाद, जामताड़ा, देवघर, गिरिडीह और कोडरमा में मौसम का असर ज्यादा देखने को मिल सकता है।

वहीं 27 जुलाई को चतरा, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, खूंटी, रांची और रामगढ़ जिलों में भारी बारिश की आशंका जताई गई है।

तीन दिनों तक वज्रपात और तेज हवाओं का भी खतरा

मौसम विभाग ने बताया है कि 25 से 27 जुलाई के बीच राज्य के विभिन्न हिस्सों में गरज के साथ वज्रपात हो सकता है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।

26 जुलाई को दक्षिणी और आसपास के मध्य क्षेत्रों में भारी वर्षा का अनुमान है, जबकि 27 जुलाई को राज्य के उत्तरी, मध्य और निकटवर्ती पूर्वी हिस्सों में भी मूसलाधार बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने, बिजली चमकने के समय खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

close