Ranchi Crime: ‘परी और दौलत’ का झांसा… रात में बुलाता था तांत्रिक, फिर करता था घिनौना खेल! आखिरकार ऐसे हुआ खौफनाक अंत

रांची के कोकर स्थित सिमोन नगर में हुई रमेश ठाकुर की सनसनीखेज हत्या मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। जांच में सामने आया है कि खुद को तांत्रिक बताने वाला रमेश ठाकुर युवकों को ‘परी दिखाने’ और ‘धन वर्षा’ कराने का लालच देकर अपने घर बुलाता था। पुलिस के अनुसार, तांत्रिक क्रिया के बहाने वह कथित तौर पर उनके साथ अप्राकृतिक यौन शोषण करता था। लंबे समय तक धोखे का शिकार बने तीन युवकों ने आखिरकार उसकी हत्या की साजिश रच डाली।
रांची पुलिस ने इस मामले में अमित चौधरी, निरंजन स्वांसी उर्फ नीरज और सचिन कुमार गुप्ता को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपियों से पूछताछ के बाद हत्या की पूरी कहानी सामने आई है।
‘तांत्रिक क्रिया’ के नाम पर देता था लालच
सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि रमेश ठाकुर ओझा-गुनी का काम करता था और इसी दौरान उसकी कई युवकों से पहचान हुई। वह उन्हें देर रात अपने सिमोन नगर स्थित मकान पर बुलाता और कथित तौर पर कहता कि विशेष तांत्रिक प्रक्रिया अपनाने से ‘परी प्रकट होगी’ और जीवन में धन की बारिश होगी। पुलिस के मुताबिक, इसी बहाने वह युवकों का कथित तौर पर अप्राकृतिक यौन शोषण करता था।
जांच में सामने आया कि अमित चौधरी सबसे पहले उसके संपर्क में आया था। बाद में सचिन कुमार गुप्ता और निरंजन स्वांसी उर्फ नीरज भी उसके संपर्क में आ गए। काफी समय तक तीनों उसकी बातों पर भरोसा करते रहे, लेकिन उन्हें न कोई चमत्कार दिखा और न ही धन मिला।
पहले तांत्रिक क्रिया, फिर कर दी हत्या
पुलिस के अनुसार, घटना वाले दिन तीनों आरोपियों ने पहले ही योजना बना ली थी कि यदि इस बार भी कथित तांत्रिक क्रिया के बाद कुछ नहीं हुआ, तो वे रमेश ठाकुर को जान से मार देंगे। तीनों बाइक से पिस्टल लेकर उसके घर पहुंचे। वहां कथित तांत्रिक प्रक्रिया के दौरान फिर से अप्राकृतिक यौनाचार हुआ।
इसके बाद आरोपियों ने पहले पिस्टल से फायरिंग की, लेकिन गोली नहीं लगी। इसके बाद पास में रखे प्लास (प्लायर) से रमेश ठाकुर के सिर पर कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी मृतक के शरीर पर पहने आभूषण भी लूटकर फरार हो गए।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को दबोचा
इस मामले में मृतक के पुत्र आकाश ठाकुर की शिकायत पर 22 जुलाई को सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।









