NEET पेपर लीक केस में बड़ा यू-टर्न! सबसे चर्चित नाम संजीव मुखिया को CBI की क्लीन चिट, जांच में हुआ बड़ा खुलासा

रांची। NEET-UG 2024 पेपर लीक मामले में लंबे समय से चर्चा में रहे संजीव मुखिया को लेकर बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर स्पष्ट किया है कि जांच में संजीव मुखिया की पेपर लीक मामले में कोई संलिप्तता नहीं मिली, जिसके बाद उन्हें इस मामले में क्लीन चिट दे दी गई है।
CBI ने बताया कि NEET-UG 2024 पेपर लीक मामले में सबसे पहले बिहार पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की थी, जिसमें संजीव मुखिया को भी आरोपी बनाया गया था। बाद में मामले की जांच केंद्र सरकार द्वारा CBI को सौंप दी गई।
जांच एजेंसी के मुताबिक, मामले के हर पहलू की गहन जांच की गई। अब तक 45 आरोपियों के खिलाफ पटना की अदालत में चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है। जांच के दौरान न केवल प्रश्नपत्र चोरी करने वाले लोगों की पहचान की गई, बल्कि चोरी हुए पेपर का लाभ उठाने वालों को भी चिन्हित किया गया।
CBI ने यह भी बताया कि संजीव मुखिया को बिहार पुलिस ने अन्य आपराधिक मामलों में गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद CBI ने उन्हें रिमांड पर लेकर NEET-UG 2024 पेपर लीक मामले में विस्तार से पूछताछ की।
हालांकि, पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच के बाद एजेंसी को संजीव मुखिया के खिलाफ NEET-UG 2024 पेपर लीक मामले में कोई ठोस सबूत नहीं मिला। इसी आधार पर उन्हें इस मामले में क्लीन चिट दी गई और अदालत से उन्हें इस केस में जमानत भी मिल गई।
हालांकि, CBI ने स्पष्ट किया है कि संजीव मुखिया फिलहाल जेल से बाहर नहीं आए हैं, क्योंकि बिहार पुलिस द्वारा दर्ज अन्य मामलों में वे अभी भी न्यायिक हिरासत में हैं।
CBI की इस घोषणा के बाद NEET-UG 2024 पेपर लीक मामले की जांच को लेकर नई चर्चा शुरू हो गई है। ऐसे में अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि शेष आरोपियों के खिलाफ चल रही जांच और न्यायिक प्रक्रिया में आगे क्या नए खुलासे सामने आते हैं।









