रांची में होने जा रहा बड़ा खेल महाकुंभ! CM हेमन्त सोरेन को मिला खास न्योता, 26 जुलाई को क्या होगा खास?

रांची। झारखंड की राजधानी रांची में 26 जुलाई से शुरू होने जा रहे 135वें डूरंड कप-2026 को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। इस प्रतिष्ठित फुटबॉल टूर्नामेंट के उद्घाटन समारोह को भव्य बनाने की दिशा में अहम कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन को मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का औपचारिक निमंत्रण दिया गया है।

मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय, कांके रोड में पर्यटन, कला, संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के सचिव मुकेश कुमार, खेल निदेशक छवि रंजन, जनरल ऑफिसर कमांडिंग-23 आईबीजी मेजर जनरल सज्जन सिंह मान, डूरंड कप के नोडल अधिकारी कर्नल हेम चंद्रा तथा सहायक नोडल अधिकारी मेजर आनंद प्रकाश ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की।

इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन को 26 जुलाई 2026 को आयोजित होने वाले 135वें डूरंड कप-2026 के उद्घाटन समारोह और उद्घाटन मुकाबले में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का औपचारिक आमंत्रण सौंपा।

डूरंड कप एशिया का सबसे पुराना और प्रतिष्ठित फुटबॉल टूर्नामेंट माना जाता है। इस बार इसका 135वां संस्करण झारखंड की राजधानी रांची में आयोजित किया जा रहा है, जिसे राज्य के लिए खेल और पर्यटन के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण आयोजन माना जा रहा है। इस आयोजन से न केवल झारखंड की खेल पहचान को नई मजबूती मिलेगी, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी राज्य की मेजबानी क्षमता का प्रदर्शन होगा।

राज्य सरकार और सेना के अधिकारियों के बीच समन्वय के साथ उद्घाटन समारोह की तैयारियां तेज़ी से चल रही हैं। अब सभी की निगाहें 26 जुलाई पर टिकी हैं, जब रांची खेल इतिहास के एक और सुनहरे अध्याय की मेजबानी करेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

close