सरायकेला: 36 घंटे में खुला बुजुर्ग की हत्या का राज! जिस पोते पर था शक, वही निकला हत्यारा, पुलिस ने दबोचा

Seraikela News: सरायकेला-खरसावां जिले के नीमडीह थाना क्षेत्र में 67 वर्षीय सेवानिवृत्त स्वास्थ्यकर्मी सुप्रीति मजूमदार की हत्या का पुलिस ने महज 36 घंटे में खुलासा कर दिया है। इस हत्याकांड में मृतका का पोता ही आरोपी निकला है। पुलिस ने आरोपी विकी गोस्वामी को पूर्वी सिंहभूम के बहरागोड़ा थाना क्षेत्र स्थित कुमारदाह गांव से सोमवार देर रात गिरफ्तार किया।
घर में लहूलुहान मिली थीं सुप्रीति मजूमदार
घटना रविवार 9 अगस्त की सुबह करीब 11 बजे की है। रावताड़ा गांव की शिवपुरी कॉलोनी स्थित घर में सुप्रीति मजूमदार गंभीर रूप से घायल और लहूलुहान हालत में मिली थीं।
चीख-पुकार सुनकर उनकी बहू छत से नीचे पहुंची, जिसके बाद घटना की जानकारी हुई। परिजन उन्हें तत्काल इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद परिजनों ने पुलिस को बताया था कि सुप्रीति पर उनके पोते विकी गोस्वामी ने हमला किया था। हालांकि, शुरुआती पूछताछ में परिवार के सदस्यों के बयानों में अंतर सामने आया, जिससे पुलिस के सामने घटना की पूरी कड़ी जोड़ना चुनौती बन गया।
अलग-अलग पूछताछ और तकनीकी जांच से मिला सुराग
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने परिवार के सदस्यों से अलग-अलग पूछताछ शुरू की। प्राथमिकी दर्ज करने के बाद तकनीकी सहायता के जरिए भी आरोपी की गतिविधियों की जानकारी जुटाई गई।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि घटना के बाद विकी गोस्वामी बहरागोड़ा के कुमारदाह स्थित अपने पैतृक गांव चला गया था।
इसके बाद नीमडीह पुलिस ने कुमारदाह में छापेमारी की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
हत्या की वजह जानने में जुटी पुलिस
पुलिस अब हत्या के पीछे की असल वजह पता लगाने में जुटी है। घटना में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका थी या नहीं और हत्या के पीछे क्या विवाद या कारण था, इसकी भी जांच की जा रही है।
पुलिस आरोपी को मंगलवार को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया में जुटी है। मामले से जुड़े अन्य पहलुओं को लेकर भी पूछताछ जारी है।












