कोकीन की लत छुड़ाने के लिए परिवार ने दिए 40 हजार, इलाज के दौरान 18 साल के प्रिंस ने तोड़ा दम… क्लिनिक बंद कर डॉक्टर फरार, अब उठ रहे बड़े सवाल

Nawada News: बिहार के नवादा जिले के हिसुआ से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। नशे की गंभीर लत से जूझ रहे 18 वर्षीय युवक की कथित इलाज में लापरवाही के चलते मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि नशा छुड़ाने के नाम पर एक कथित डॉक्टर ने उनसे 40 हजार रुपये लिए, लेकिन इलाज के दौरान युवक की हालत लगातार बिगड़ती गई और आखिरकार उसकी मौत हो गई। घटना के बाद कथित डॉक्टर अपनी क्लिनिक बंद कर फरार हो गया। पुलिस अब पूरे मामले की जांच में जुटी है।
कोकीन समेत कई नशीले पदार्थों की लग गई थी लत
मृतक की पहचान प्रिंस कुमार के रूप में हुई है। उसके पिता दिनेश पांडेय के मुताबिक, प्रिंस मूल रूप से नालंदा के बिहारशरीफ का रहने वाला था। परिवार का दावा है कि उसे कोकीन समेत अन्य नशीले पदार्थों की गंभीर लत लग गई थी।
परिजनों के अनुसार, प्रिंस करीब 24 घंटे नशे की हालत में रहता था। उसकी यह आदत छुड़ाने के लिए परिवार काफी समय से इलाज की तलाश में था। इसी दौरान एक व्यक्ति के माध्यम से परिजनों को हिसुआ में कथित डॉक्टर नौशाद आलम की क्लिनिक के बारे में जानकारी मिली।
नशा छुड़ाने के नाम पर लिए 40 हजार रुपये
परिजनों का आरोप है कि प्रिंस के इलाज के लिए करीब 50 हजार रुपये मांगे गए थे। परिवार ने 40 हजार रुपये एडवांस के तौर पर दे दिए। इसके बाद प्रिंस का इलाज शुरू किया गया।
बताया जा रहा है कि पिछले तीन दिनों से प्रिंस को सांस लेने में परेशानी हो रही थी। हालत ज्यादा बिगड़ने पर उसे दूसरे अस्पताल ले जाने की सलाह दी गई। परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन वहां डॉक्टरों ने प्रिंस को मृत घोषित कर दिया।
युवक की मौत होते ही क्लिनिक बंद कर फरार हुआ कथित डॉक्टर
प्रिंस की मौत के बाद मामला और गंभीर हो गया। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस कथित डॉक्टर की क्लिनिक पर पहुंची, लेकिन वहां ताला लगा मिला। पुलिस के पहुंचने से पहले ही कथित डॉक्टर के फरार होने की बात सामने आई है।
पुलिस ने युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है।
आखिर इलाज में क्या हुआ? पुलिस खंगाल रही पूरा मामला
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि प्रिंस का इलाज किस तरीके से किया जा रहा था और इलाज करने वाले व्यक्ति के पास चिकित्सकीय योग्यता या वैध अनुमति थी या नहीं। परिजनों ने इलाज में गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है।
फिलहाल पुलिस कथित डॉक्टर की तलाश कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने नशे की लत से जूझ रहे युवाओं के इलाज के नाम पर चल रही संदिग्ध गतिविधियों को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं।












