खौफनाक हादसा! रोड पर मौत की रफ्तार… 200 की स्पीड में दौड़ रही BMW…रेलिंग और बिजली के खंभे से टकराने के बाद चकनाचूर….3 की मौत..

मुंबई के कोस्टल रोड पर रविवार तड़के एक ऐसा भीषण हादसा हुआ, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया। मरीन ड्राइव से हाजी अली की ओर जा रही तेज रफ्तार BMW कार अचानक अनियंत्रित होकर ब्रिज की रेलिंग तोड़ते हुए नीचे जा गिरी। हादसे में कार सवार तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
बताया जा रहा है कि हादसा रविवार सुबह करीब 5:20 बजे हुआ। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, कार की रफ्तार 200 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक थी। तेज रफ्तार के कारण चालक का वाहन पर नियंत्रण नहीं रहा और BMW पहले सड़क के डिवाइडर तथा कोस्टल रोड के किनारे लगे बिजली के खंभे से टकराई। इसके बाद कार ब्रिज की रेलिंग तोड़ते हुए नीचे जा गिरी।
टक्कर के बाद कार के उड़ गए परखच्चे
हादसा इतना भीषण था कि BMW बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटनास्थल से सामने आई तस्वीरों और वीडियो में कार की हालत देखकर टक्कर की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहत-बचाव का काम शुरू किया गया।
कोस्टल रोड कंट्रोल रूम के अनुसार, कार में कुल चार लोग सवार थे। इनमें तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चौथा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ।
दो मृतकों की हुई पहचान
मृतकों में 21 वर्षीय शनाय गज्जल और 17 वर्षीय धैर्य सेठ की पहचान हुई है। वहीं एक अन्य करीब 25 वर्षीय युवक को अस्पताल ले जाने पर मृत घोषित कर दिया गया। चौथे व्यक्ति की पहचान फिलहाल सामने नहीं आई है। करीब 20 वर्षीय इस घायल युवक को नायर अस्पताल के ट्रॉमा वार्ड में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
200 की रफ्तार बनी हादसे की वजह?
पुलिस रिपोर्ट के मुताबिक, BMW की रफ्तार 200 किलोमीटर प्रति घंटे से ज्यादा होने की बात सामने आई है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार के चलते चालक के नियंत्रण खोने की बात कही जा रही है। हालांकि हादसे की पूरी परिस्थितियों और दुर्घटना के सटीक कारणों की जांच की जा रही है।
मुंबई कोस्टल रोड पर तड़के हुए इस हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार वाहनों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हादसे की जांच के बाद ही दुर्घटना से जुड़े सभी तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।












