राज्यपाल अब महामहिम नहीं! राजभवन ने जारी किया आदेश, अब राज्यपाल को महामहिम के नाम से नहीं किया जायेगा संबोधित, जानिये अब क्या….

पटना। राज्यपाल को लेकर अब संबोधन बदल गया है। अब बिहार में राज्यपाल के साथ महामहिम शब्द का इस्तेमाल नहीं होगा, बल्कि अब राज्यपाल को माननीय कहकर संबोधित किया जायेगा। इस संबंध में राजभवन सचिवालय ने अधिसूचना जारी कर दी है। राज्यपाल के प्रधान सचिव ने इस संबंध में राज्य के मुख्य सचिव सहित, अपर मुख्य सचिव, सचिव व डीएम को निर्देश जारी किये हैं।

राजभवन सचिवालय की तरफ से जारी आदेश के मुताबिक अब सभी प्रकार के कार्यक्रमों के लिए महामहिम के स्थान पर माननीय का प्रयोग किया जाएगा। साथ ही माननीय राज्यपाल महोदय के नाम के आगे ‘श्री’ अथवा ‘श्रीमती’ का प्रयोग किया जाएगा। विशेष परिस्थिति में केवल विदेश के राजनायिकों के साथ शिष्टाचार भेंट आदि के समय महामहिम का प्रयोग किया जाएगा।
इस आदेश के बाद अब राज्यपाल का संबोधन ठीक वैसे ही हो गया है, जैसे कि मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, मंत्री आदि के लिए किया जाता है। राजभवन सचिवालय के आदेश मे आगे लिखा गया है कि सभी प्रकार के सरकारी टिप्पणी में महामहिम के स्थान पर माननीय राज्यपाल का प्रयोग किया जाए। इस आदेश के बाद अब दशकों की परंपरा बदल जायेगी।











