पलामू : ड्यूटी के दौरान स्वास्थ्यकर्मी की गला रेतकर हत्या की कोशिश

पलामू : जिले के छतरपुर अनुमंडलीय अस्पताल में कार्यरत एक कर्मी की शनिवार अहले सुबह गला रेतकर हत्या करने की कोशिश की गई. स्वास्थ्यकर्मी खुले में शौच के लिए गया था. इसी बीच अज्ञात अपराधियों ने इस घटना को अंजाम देने की कोशिश की, लेकिन उसी वक्त एक बाइक के आ जाने के कारण अपराधी स्वास्थ्यकर्मी को छोड़कर भाग गए, जिससे उसकी जान बच गयी. पीड़ित स्वास्थ्यकर्मी सकेन्द्र राम छतरपुर थाना क्षेत्र के चराई का रहने वाला है.
घटना को लेकर उसने बताया कि वह अनुमंडलीय अस्पताल का अनुबंध कर्मी हैं और रात में डयूटी पर था. अहले सुबह चार बजे के करीब वह अस्पताल के पीछे खेत में शौच के लिए गया था. इसी दौरान दो अपराधी हमला करते हुए उसका मुंह बंद कर दिये. वही दूसरा अपराधी चाकू से गर्दन रेतने की कोशिश करने लगा. इसी क्रम एक बाइक सवार आ रहा था जिसे देख दोनों अपराधी उसे छोड़ कर भाग गए, जिस कारण उसकी जान बच गई. सकेन्द्र ने बताया कि वह एक अपराधी को शक्ल देख कर पहचान जायेगा, जबकि दूसरा जो पीछे खड़ा था, उसे वह देख नहीं पाया. फिलहाल घटना की लिखित जानकारी थाना प्रभारी को दी गई है. पुलिस मामले की छानबीन कर रही है.










