सीएम नीतीश कुमार ने कृषि पदाधिकारियों के बीच बांटा नियुक्ति पत्र
![सीएम नीतीश कुमार](https://www.hpbl.co.in/wp-content/uploads/2025/02/25-3.jpg)
सीएम नीतीश कुमार ने कृषि पदाधिकारियों के बीच बांटा नियुक्ति पत्र
पटना: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शनिवार को कृषि विभाग द्वारा आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में शामिल हुए। ऊर्जा ऑडिटोरियम में दीप प्रज्वलित करने के बाद मुख्यमंत्री ने 154 अनुमंडल कृषि पदाधिकारी / सहायक निदेशक (शष्य) एवं समकक्ष स्तर के राजपत्रित पदाधिकारियों तथा 853 प्रखंड कृषि पदाधिकारी एवं समकक्ष स्तर के पदाधिकारियों सहित कुल 1007 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किया।इनमें 397 महिला पदाधिकारी भी शामिल हैं।
नियुक्ति पत्र प्रदान करने के दौरान मुख्यमंत्री ने अभ्यर्थियों को बधाई देने के साथ-साथ उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। साथ ही उन्हें कर्तव्यों के प्रति भी सचेत करते हुए कहा कि कृषि पदाधिकारियों की बिहार के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका होगी।
उन्होंने आशा व्यक्त करते हुए कहा कि कृषि विभाग को आप लोग नई ऊंचाई पर पहुंचाएंगे। कृषि में नए-नए तकनीकी युक्त कृषि कार्य किए जाएंगे। जिन 1007 पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र वितरण किया गया है, उनमें 397 महिला पदाधिकारी है।
महिला पदाधिकारियों की इतनी बड़ी संख्या यह साबित करने के लिए पर्याप्त है कि कृषि के क्षेत्र में भी महिला पदाधिकारी की भूमिका पुरुष पदाधिकारी के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलने वाली है। 154 अभ्यर्थियों का अनुमंडल कृषि पदाधिकारी एवं समकक्ष पदों के लिए बिहार लोक सेवा आयोग द्वारा अनुशंसा की गई है।
नवनियुक्त पदाधिकारी जिला एवं अनुमंडल स्तर पर बीज उत्पादन से लेकर बीज वितरण तक का कार्य तथा किसानों को उचित मूल्य दिलाने की सुविधा उपलब्ध कराने के साथ-साथ अनुमंडल स्तर पर स्थापित किये जाने वाले मिट्टी जांच प्रयोगशाला आदि में कार्य करेंगे।
853 अभ्यर्थियों का प्रखण्ड कृषि पदाधिकारी एवं समकक्ष पदों के लिए बिहार लोक सेवा आयोग अनुशंसा की है। नवनियुक्त पदाधिकारियों के आने से राज्य के सभी प्रखंडों में प्रखण्ड कृषि पदाधिकारी के अन्य खाली पदों के पद पर नियमित पदाधिकारियों का पदस्थापन किया जा सकेगा।
इसके अतिरिक्त बीज निरीक्षक, सभी मिट्टी जांच प्रयोगशालाओं में सहायक अनुसंधान पदाधिकारी, सभी बीज गुणन प्रक्षेत्रों में कृषि निरीक्षक के साथ-साथ सभी प्रयोगशालाओं में सहायक अनुसंधान पदाधिकारी तथा जिला एवं प्रमंडल स्तर के कृषि कार्यालयों में सहायक कृषि पदाधिकारी के पदों पर नियमित पदस्थापन हो सकेगा।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री को कृषि मंत्री मंगल पांडेय ने प्रतीक चिन्ह एवं कृषि विभाग के सचिव संजय कुमार अग्रवाल ने हरित पौधा भेंट कर स्वागत किया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।
IRCTC Dividend: IRCTC देगी डिविडेंड, 20 फरवरी है रिकॉर्ड डेट, चेक करें कितना मिलेगा कैश रिवार्ड