PM मोदी और CM योगी के आधार कार्ड में छेड़छाड़, आरोपी बिहार से हुआ गिरफ्तार, आधार कार्ड में ये की थी गड़बड़ी

मुजफ्फरपुर। पीएम मोदी और यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ के आधार कार्ड में छेड़छाड़ करने वाले शातिर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। युवक का नाम अर्पण दुबे के रूप में किया गया है। गुजरात की पुलिस ने बिहार के मुजफ्फरपुर से उसकी गिरफ्तारी की है। गिरफ्तारी के बाद आरोपित को साथ लेकर गुजरात के अहमदाबाद साइबर थाने की पुलिस वहां के लिए रवाना हो गई। कांटी थानाध्यक्ष संजय कुमार ने गुजरात पुलिस की छापेमारी में अर्पण दुबे की गिरफ्तारी की पुष्टि की है।
पूछताछ में उसकी पहचान कांटी सदातपुर के अर्पण दुबे उर्फ मदन कुमार के रूप में हुई है, उसके पास से मिले मोबाइल में आधार कार्ड में छेड़छाड़ करने का साक्ष्य भी मिला है। इसके बाद पुलिस ने उसका मोबाइल जब्त कर लिया है। जानकारी के मुताबिक प्रधानमंत्री मोदी और सीएम की जन्म तिथि समेत अन्य डाटा में छेड़छाड़ का प्रयास किया था। इसके बाद गुजरात के अहमदाबाद साइबर थाने की पुलिस हरकत में आई। मामला दर्ज करने के बाद साइबर थाने की टीम इसकी जांच शुरू की।
इसी में मोबाइल के आईपी एड्रेस के जरिए पूरी डिटेल निकालकर आरोपित की गिरफ्तारी की कवायद शुरू की गई। इसके तहत बुधवार को अहमदाबाद साइबर थाने की टीम मुजफ्फरपुर पहुंची। पूछताछ में पता चला कि अर्पण मूल रूप से पारू गरीबा का रहने वाला है। सदातपुर में किराये के मकान में रहकर एक कॉलेज में स्नातक की पढ़ाई करता है। पुलिस की मानें तो फर्जीवाड़ा करने के बाद उक्त आधार कार्ड का आरोपित द्वारा कई जगहों पर प्रयोग भी कर दिया गया था।










